॥
में घोटाले का मामला
॥ एक साल से पिता से अलग रह रहा था दामोदर
उदयपुर। भविष्य क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसायटी में घोटाले के मामले में सोसायटी के अध्यक्ष दामोदर नागदा ने रिमांड के दौरान कई राज खोले हैं। आरोपी नागदा पर भविष्य क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसायटी का गठन कर तीस हजार निवेशकों के लगभग दो सौ करोड़ रुपए का गबन करने का आरोप है। नागदा से चल रही पूछताछ में सामने आया कि उसने सोसायटी के रुपयों से दो कारें खरीदी थी, जो कि बडग़ांव स्थित पिंक पर्ल कॉम्पलेक्स में किराए के फ्लैट की पार्किंग में रखी थी। पुलिस ने दोनों कारें बरामद कर ली। आरोपी ने बताया कि करीब आठ माह पूर्व उसका पिता से झगड़ा हो गया था। इसके बाद से ही वह अपने पूरे परिवार के साथ बडग़ांव में ही रह रहा था। आरोपी ने सोसायटी के रुपयों से 300 ग्राम सोना खरीदा था और इस सोने को एक सर्राफा व्यापारी गौतम तलेसरा को अपनी पत्नी और पुत्री के जेवर बनाने के लिए दिया था। इसके साथ ही आरोपी ने इस सर्राफा व्यापारी को पांच लाख रुपए भी दिए थे। पुलिस ने इस व्यापारी से रुपए और सोना बरामद कर लिया है। पुलिस आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है। उधर, पुलिस की एक टीम आरोपी के सहयोगी और सोसायटी के उपाध्यक्ष संजय शुक्ला
नागदा से दो कार, सोना व पांच लाख रुपए बरामद
नाकाफी सुरक्षा इंतजाम के कारण बुझ गए दो घरों के चिराग

वॉच टावर पर पुलिसकर्मी नहीं, पेट्रोलिंग का भी रहा अभाव
उदयपुर। धुलंड़ी के दिन दो घरों के चिराग बुझ गए। इससे झीलों के आसपास पेट्रोलिंग फोर्स, वॉच टावर और सुरक्षा गार्ड लगाने के दावे खोखले साबित हुए हैं। जब ये दोनों युवक झील में डूब रहे थे, तब वहां पर प्रशासन द्वारा किया गया कोई भी इंतजाम सक्रिय नहीं था। इस कारण दोनों की जान चली गई।
नुमाइश बने वॉच टावर
पुलिस विभाग ने निगरानी रखने के लिए शहर में उदियापोल, सूरजपोल, चेतक और फतहसागर झील किनारे वॉच टावर लगाए हैं, लेकिन इन पर कभी कोई पुलिसकर्मी बैठा हुआ नजर नहीं आता है। इन वॉच टावर पर भी बच्चे या युवा मस्ती करते या खेलते हुए नजर आते हैं। अगर इन वॉच टावर का सही इस्तमाल होता और होली के दिन उस पर पुलिस कर्मी तैनात होते, तो उन युवाओं को जरूर बचाया जा सकता था। उन तक समय पर सहायता नहीं पहुंच पाई। इन वॉच टावर पर शोभायात्रा, जुलूस के दौरान ही कुछ पुलिसकर्मी नजर आते हैं।
लेक पेट्रोलिंग का भी पता नहीं
पिछले दिनों जिला कलेक्टर ने झीलों की सुरक्षा और सफाई के लिए लेक पेट्रोलिंग दल तैनात किया था, लेकिन घटना के दिन उसका भी कहीं कोई अता-पता नहीं था, जबकि उस पेट्रोलिंग दल की वहां पर सबसे ज्यादा जरूरत थी। नियमित रूप से शाम को फतहसागर वॉक करने वाले निरंजन साहू का कहना है कि धुलंड़ी के अवसर पर फतहसागर पर पुलिसकर्मी का तैनात होना जरूरी था। अगर वहां कोई पुलिसकर्मी होता तो, डूबने वाले दोनों युवाओं को बचाया जासकता था या उन्हें झील में उतरने से रोका जा सकता था।


पहले दिन नहीं हुआ एक भी नामांकन

उदयपुर। लोकसभा चुनाव को लेकर नामांकन दाखिल करने की आज पहली तारीख थी, लेकिन दोपहर एक बजे तक कोई नामांकन दाखिल नहीं हुआ। जिला निर्वाचन अधिकारी ( कलेक्टर ) के अनुसार अधिसूचना जारी होने के साथ आज से उम्मीदवारी के लिए पर्चा भरा जा सकेगा, नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 26 मार्च है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नामांकन पत्र कलेक्ट्रेट स्थित जिला निर्वाचन अधिकारी कक्ष में सुबह 11 से अपराह्न तीन बजे तक जिला निर्वाचन अधिकारी के सम्मुख प्रस्तुत किए जाएंगे। नामांकन पत्र भरने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार उम्मीदवार कलेक्ट्रेट परिसर में तीन वाहन के साथ आ सकेंगे, जिसमें वाहन चालकों के साथ 15 व्यक्ति हो सकेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी के कक्ष में उम्मीदवार के साथ चार अन्य सदस्य प्रवेश कर सकेंगे। नामांकन पत्र भरने वाले उम्मीदवार को नामांकन पत्र के साथ पूर्ति की जाने वाली जानकारी की चेक लिस्ट भी उपलब्ध करा दी जाएगी। सामान्य जाति के उम्मीदवार को 25 हजार रुपए तथा अजा-जजा के उम्मीदवार के जाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने पर 12 हजार पांच सौ रुपए प्रतिभूति जमा करानी होगी। उदयपुर की सीट अजा-जजा के लिए रिजर्व है। नामांकन के पहले दिन आज दिन में एक बजे तक किसी उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया है।
सिटी पैलेस में हुआ परंपरागत होली-दीपन
उदयपुर। महाराणा मेवाड़ चैरिटेबल फाउण्डेशन, उदयपुर द्वारा आयोजित चार दिवसीय विश्व जीवंत विरासत महोत्सव 2014 के अंतिम दिन रविवार को पैलेस के माणक चौक में होली दीपन किया गया। समारोह में ब्रज के कलाकारों ने ब्रज की होली पेश की। इससे पूर्व प्रात: 6 बजे खुश महल में कलाकारों ने स्वर लहरियां बिखेरी।
मेवाड़ की परंपरागत सांस्कृतिक धरोहर का निर्वाह करते हुए वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा कर फाउण्डेशन के अध्यक्ष एवं प्रबंध न्यासी श्रीजी अरविन्द सिंह मेवाड़ एवं फाउण्डेशन के ट्रस्टी लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने पारंपरिक होली दीपन की रस्म अदा की। इससे पूर्व श्रीजी अरविन्द सिंह मेवाड़ नौबत री आसवारी के साथ शंभू निवास पैलेस से माणक चौक पधारे। इस भव्य असवारी में शामिल रंण कंकण घोड़े, नगाड़ा आदि का लवाजमा आगन्तुक स्वदेशी व विदेशी अतिथियों के लिए आकर्षण था। मेवाड़ की इस परंपरागत होली दीपन समारोह को देख बड़ी संख्या में उपस्थित विदेशी पर्यटक रोमांचित हो उठे।
समारोह में खूब जमी ब्रज की होली : समारोह में भरतपुर के लोक कलाकार अशोक शर्मा ने 12 सह कलाकारों के साथ ब्रज की होली पेश की। जिसमें ब्रज धाम वंदना, मयूर, चंग होली, लठ्ठमार होली तथा फूल की होली पेश की। इससे पूर्व खुश महल में प्रात: 5 बजे नाथद्वारा घराने के यशोनंदन पखावज पर अपनी प्रस्तुति दी। वहीं सुबह 6.30 बजे स्थानीय कलाकार समर्थ जानवे ने अपनी स्वर लहरियां बिखेरी। कार्यक्रम का संचालन हिमानी दीक्षित ने किया।

डॉ. वेलाराम घोगरा (मीना) उदयपुर संसदीय सीट के लिए आम आदमी पार्टी प्रत्याशी
उदयपुर। आगामी लोकसभा चुनाव में उदयपुर संसदीय सीट के लिए डॉ. वेलाराम घोगरा (मीना) को आम आदमी पार्टी उदयपुर का प्रत्याशी बनाया गया है। डॉ. वेलाराम घोगरा के नेतृत्व में पार्टी की उदयपुर टीम ने होली के पावन पर्व से ही प्रचार प्रसार अभियान प्रारम्भ कर दिया है। प्रचार अभियान के लिए 8 विधानसभा क्षेत्रों हेतु विभिन्न समितियों का गठन किया गया है।
यह जानकारी देते हुए पार्टी के प्रवक्ता पुनित जैन ने बताया कि उदयपुर में आम आदमी पार्टी की संसदीय मामलों की समिति की बैठक पार्टी के प्रदेश कोषाध्यक्ष सुधीर माहेश्वरी के सानिध्य में आयोजित हुई जिसमें चुनाव अभियान के प्रचार हेतु विभिन्न समितियों के गठन के साथ-साथ चुनाव अभियान हेतु विस्तारपुर्वक कार्य रूप रेखा तैयार की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि पार्टी उदयपुर संसदीय क्षेत्र के 15 लाख से अधिक मतदाताओं के बीच जाकर उनकी समस्याओं, स्थानीय मुद्दों और मांगों को आधार बनाकर ही लोकसभा चुनाव लडेगी।
बैठक में कोष समिति, प्रचार प्रसार समिति, विधि समिति, मीडिया समिति, व्यय समिति का गठन किया गया। बैठक में सत्यवान कौशिक, विजय गोयल, भरत कुमावत, चयनिका वर्मा, विवेक पण्डित, खेमराज कुमावत, राजेश चौहान, सुधीर जारोली, सौरभ नागर आदि उपस्थित थे।
हिस्ट्रीशीटर की हत्या
पत्नी व बेटी के सामने मारी गोली, दोस्त गंभीर घायल, रंजिश के चलते हुई हत्या
उदयपुर। शास्त्री सर्कल स्थित एक शोरूम पर होली की शाम हिस्ट्रीशीटर प्रवीण पालीवाल की दो युवकों ने गोलियां बरसाकर हत्या कर दी। इस दौरान बीच-बचाव में आया पालीवाल का दोस्त विजेंद्रसिंह भी पेट में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। हत्या का कारण जमीन विवाद बताया जा रहा है। यह वारदात तब हुई, जब पालीवाल उसकी पत्नी व पांच साल की बेटी के साथ शोरूम पर कपड़े खरीद रहा था। पुलिस ने इस
पूरी वारदात के सीसीटीवी फुटेज शोरूम से ले लिए हैं। हत्यारों में से एक को पुलिस ने नामजद कर लिया है। हमलावरों की कुल संख्या चार बताई जा रही है, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार होली के दिन रविवार शाम पांच बजे प्रवीण पालीवाल, उसका दोस्त विजेंद्रसिंह, पत्नी व पांच साल की बेटी शास्त्री सर्कल स्थित स्टारलाइन शोरूम पर कपड़े खरीदने गए थे। इसी दौरान शोरूम के बाहर एक सफेद कार आकर रुकी, जिसमें चार युवक सवार थे। इनमें से दो युवक शोरूम के भीतर गए, जिनमें से एक का नाम साहिल हरिजन बताया जा रहा है। इन्होंने प्रवीण पालीवाल को टारगेट करते हुए पांच फायर किए। इनमें से दो गोलियां प्रवीण को लगी। एक फायर बीच-बचाव में आए प्रवीण के दोस्त विजेंद्र को लगी और दो फायर मिस हो गए। इनमें से एक गोली शोरूम के दरवाजे के ग्लास को लगी, जिससे ग्लास टूट गया। फायरिंग के बाद सभी युवक कार में सवार होकर फरार हो गए। शोरूम मालिक व स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को अमेरिकन अस्पताल पहुंचाया, जहां साढ़े सात बजे प्रवीण की मौत हो गई, जबकि विजेंद्र को बचा लिया गया।
हाथ मिलाकर दस मिनट बात की : शोरूम में जाने के बाद साहिल ने प्रवीण से हाथ मिलाकर दस मिनट तक बात की। उसके बाद रिवाल्वर निकालकर फायर कर दिए, जिससे प्रवीण और उसका दोस्त विजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। विजेंद्र के पेट में गोली लगी, लेकिन अमेरिकन हॉस्पीटल में ऑपरेशन करके उसकी जान बचा ली गई।
देर से दी मौत की सूचना : प्रवीण की मौत शाम साढ़े सात बजे ही हो गई थी, लेकिन उस दौरान हॉस्पीटल के बाहर काफी संख्या में लोगों की भीड़ थी। राजसमंद से भी काफी संख्या में लोग आए थे, क्योंकि विजेंद्र पीपारड़ा का रहने वाला है। इस दौरान अस्पताल के बाहर एएसपी सिटी डॉ. राजेंद्र भारद्वाज, डिप्टी मुरलीधर, डिप्टी गोवर्धनलाल खटीक, भूपालपुरा थानाधिकारी रतन चावला, गोवर्धनविलास थानाधिकारी नरपतसिंह, धानमंडी थानाधिकारी राजेेंद्रसिंह सहित काफी संख्या में पुलिस का जाब्ता लगा था। रात साढ़े दस बजे प्रवीण की मौत होने की घोषणा की गई। इसके बाद शव को एमबी अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया गया, वहां पर काफी संख्या में लोग एकत्र हो गए, जिन्हें पुलिस ने समझाइश करके हटाया। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
साहिल के खिलाफ दी रिपोर्ट : भूपालपुरा थानाधिकारी रतन चावला ने बताया कि इस वारदात की रिपोर्ट प्रवीण पालीवाल के दोस्त मनीष प्रजापत ने दी, जिसमें उसने साहिल हरिजन व उसके साथियों पर हत्या और जानलेवा हमले का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि साहिल की कार में ही हमलावर आए थे, जो वारदात के बाद उसी कार में सवार होकर भाग गए।
इसलिए की हत्या : साहिल हरिजन नाड़ाखाड़ा निवासी नरेश हरिजन का भतीजा है। एक माह पूर्व गोगुंदा थाना क्षेत्र में नरेश हरिजन पर जमीन विवाद को लेकर जानलेवा हमला किया गया था। इस वारदात में नरेश गंभीर रूप से घायल हो गया था। वारदात के बाद कुछ समय तक नरेश अस्पताल में भर्ती रहा। बताया जा रहा है कि इस वारदात में प्रवीण पालीवाल का हाथ था। इसी कारण नरेश के भतीजे साहिल ने प्रवीण की हत्या कर दी। प्रवीण पालीवाल और नरेश की पूर्व में जेल में भी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। दोनों के बीच तब से ही रंजिश चल रही थी।
फतहसागर में दो युवक डूबे
मृतकों में एक वकील रागिनी का बेटा

उदयपुर। फतहसागर झील में कल शाम दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में एक युवक वकील का पुत्र था। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दोनों शवों को निकलवाया और एमबी अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया, जहां आज सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
पुलिस के अनुसार समतानगर (बेदला) निवासी कार्तिक (२४) पुत्र अशोक शर्मा और उसका दोस्त बढिय़ा तलाई, कोतवाली बांसवाड़ा निवासी हिमांग राठौड़ (१७) पुत्र हरिसिंह राठौड़ कल धुलंड़ी खेलने के बाद फतहसागर गए थे, जहां पानी में नहा रहे थे। इसी दौरान कार्तिक पानी में डूबने लगा, जो गहरे पानी में चला गया। इसे बचाने के प्रयास में हिमांग भी पानी में डूब गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने गौताखोरों को बुलाया। गौताखोरों ने कार्तिक के शव को तो निकाल लिया, लेकिन हिमांग का शव नहीं मिला। दो घंटे की मशक्कत के बाद हिमांग के शव को भी निकाल लिया गया। पुलिस ने दोनों शवों को एमबी अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद आज सुबह शव परिजनों को सौंप दिए गए। कार्तिक शर्मा वकील रागिनी शर्मा का बेटा है, जबकि हिमांग यहां उदयपुर में रहकर पढ़ाई कर रहा था।
पुलिस के जवानों ने नहीं मनाई होली
एसपी के आदेश से खाकी में निराशा
उदयपुर। लोकसभा चुनाव को लेकर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसपी अजय लांबा ने धुलंडी के एक दिन बाद आज पुलिस विभाग में मनाई जाने वाली होली पर रोक लगा दी। जिस होली के हुडदंग का जवानों को सालभर इंतज़ार रहता है, उसे नहीं मनाने के कारण जवान निराश दिखाई दिए।
इस आदेश से जवानों से लेकर अधिकारियों तक में मायूसी छा गई, क्योंकि होली पर्व पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए गली-नुक्कड़ पर जवान तैनात रहते है और आला अधिकारी भी राउंड पर रहते हंै। इसीलिए सालों से होली के अगले दिन पुलिस की होली की परंपरा चली आ रही है। इसमें पुलिस लाइन में एसपी से लेकर सिपाई तक सभी होली के रंग में डूब जाते हंै। जवान अपने आला अधिकारियों के साथ नाचते-गाते हैं। फिर हर एक थाने में होली का रंग जमता है, कई जगह गाना बजाना होता है, लेकिन इस बार यह सब नहीं हो सका, क्योंकि लोकसभा चुनाव की घोषणा हो गई है।
॥विभाग में व्यस्तता के चलते इस बार होली के अगले दिन मनाई जाने वाली पुलिस की होली नहीं मनाई जाएगी। -अजय लांबा, एसपी उदयपुर
होलिका दहन के साथ शुरू हुई रंगों की मस्ती

उदयपुर। रंगों और मस्ती भरा त्योहार होली-धुलंडी हर्षोल्लास से मनाया गया। रविवार को गोधूलि वेला में होलिका दहन किया गया। शहर के हर-गली, चौराहों पर होलिका दहन हुआ। कुछ जगहों पर होलिका दहन पारंपरिक तरीकें से उत्सवी माहौल में किया गया। होलिका दहन के दिन रविवार होने के बावजूद भी सुबह से ही बाजारों में अच्छी खासी रौनक थी। मंडी, सूरजपोल, देहलीगेट आदि कई बाजारों में तो भारी भीड़ थी। शहरवासी सुबह से मिठाइयां, गुलाल आदि खरीदने में लगे हुए थे। शाम होते-होते हर गली, मोहल्ले और चौराहों पर होली रोपी गई। होलिका दहन गोधूलि वेला मुहुर्त में शाम 6.40 से शुरू हुआ, जो रात 11 बजे तक हर जगह अलग-अलग समय पर होता रहा। सबसे आखिर में रात 11 बजे मल्लातलाई में होली दहन किया गया।
जगदीश चौक : जगदीश चौक में होलिका दहन का बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया। जगदीश चौक में पारंपरिक होलिका दहन देखने और कार्यक्रम में भाग लेने के लिए कई विदेशी सैलानियों ने भी भाग लिया। होलिका दहन के पूर्व स्थानीय युवकों और कलाकारों द्वारा होली के गीतों पर नृत्य पेश किया गया। पारंपरिक घूमर नृत्य पर विदेशी सैलानी भी थिरके। करीब नौ बजे पूजा पाठ के बाद पारंपरिक तौर पर होलिका दहन किया गया।
मुल्ला तलाई: यहां पर शहर की सबसे बड़ी होली रोपी गई। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों के सहयोग से मल्लातलाई चौराहे पर होली का बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्थानीय युवाओं ने सर पर केसरिया सांफे बांध कर पारंपरिक पूजा-अर्चना की। कई युवाओं ने होली के गीतों पर अपनी प्रस्तुति दी। महिला कलाकारों ने राजस्थानी होली के लोक गीतों पर नृत्य किया गया। रात करीब 11 बजे होली का दहन किया गया।
सिटी पैलेस: सिटी पैलेस में मेवाड़ी परंपरा के अनुसार होलिका दहन का आयोजन किया गया। होली की पूजा पैलेस के नव विवाहित जोड़े लक्ष्यराज सिंह और निवृति कुमारी ने की। उसके बाद पंडितों का मंत्रोचारण के बाद होली का दहन किया गया। इसके अलावा हाथीपोल में भी खटीक समाज द्वारा होली दहन का आयोजन किया गया। बड़ी होली में भी पुरानी परंपरा के अनुसार होली दहन किया गया। सूरजपोल, खेरादीवाड़ा, मंडी, तीज का चौक, अमल का कांटा, अस्थल मंदिर चौराहा, झीणी रेत चौक, घंटाघर, अंबामाता, टीचर कॉलोनी, ओटीसी स्कीम, सज्जन नगर, राता खेत, 80 फीट रोड आदि जगह होलिका दहन किया गया। शहर के बाहरी कॉलोनियों, हिरणमगरी के सभी सैक्टर और कॉलोनियों में होली दहन का आयोजन किया गया। सविना, फतहपुरा, भुवाणा, चित्रकूटनगर शोभागपुरा आदि सभी जगह होली दहन का आयोजन किया गया।
होली के पर्व पर सभी सामजिक और राजनैतिक संगठनों ने शहरवासियों को होली पर बधाई प्रेषित की। केंद्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास, कांग्रेसी नेता डॉ. सीपी जोशी, उदयपुर सांसद रघुवीर मीणा, कांग्रेस मीडिया सेंटर अध्यक्ष पंकज कुमार शर्मा ने शहरवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं। भाजपा शहर विधायक और पंचायती राज्य मंत्री गुलाबचंद कटारिया, ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, महापौर रजनी डांगी, भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश भट्ट, प्रमोद सामर, पार्षद पारस सिंघवी, धनपाल स्वामी, किरण जैन आदि ने शहरवासियों को होली की बधाई दी है।
वैदिक मंत्रोच्चार से हुआ होलिका दहन

नाथद्वारा। विश्व प्रसिद्घ पुष्टिमार्गीय वल्लभ संप्रदाय की प्रधानपीठ श्रीनाथद्वारा में वैदिक मंत्रोच्चर से होली का दहन किया गया। इससे पूर्व आरती के दर्शन के बाद मंदिर के पंड्या डॉ. परेश नागर, खर्च भंडार के भंडारी बंशीलाल गुर्जर एवं मंदिर के कीर्तनकार तथा रसिया गाने वाले ग्वाल-बाल शहर के विभिन्न मार्गों से तहसील रोड स्थित होली मंगरा पहुंचे, जहां पूजा-अर्चना के बाद होली का दहन किया गया। श्रीनाथ गार्ड द्वारा सलामी दी गई। श्रीनाथजी की मुख्य होली के बाद शहर के विभिन्न गली-मोहल्लों में होली का भी दहन किया गया। होली दहन को देखने होली मगरा पर लोगों का भारी हुजूम उमड़ा तथा होली मगरे के नीचे मेला लगा, जहां लोगांे ने मेले का लुत्फ उठाया।
विशाल बावा ने श्रीजी संग खेली होली
होली दहन के बाद शयन के दर्शन में तिलकायत राकेश महाराज व विशाल बावा ने श्रीजी के गाल पर गुलाल लगाकर श्रीजी को होली खिलाई। इसके बाद विशाल बावा वैष्णवों के साथ भी होली खेली व सभी वैष्णवों को होली की बधाई दी।
डोल उत्सव में लालन विराजे श्रीजी संग
श्रीनाथजी में धुलंडी के अवसर पर निधि स्वरूप नवनीत प्रियजी डोल तिबारी में बिराजित किए गए, जहां डोल को आम्र पत्तों से सजाया जाएगा, जिसमें नवनीत प्रियजी को डोल झुलाया गया। प्रभू को गुलाल, चौवा, चंदन से खिलाया गया और आरती उतारी जाएगी। इस दिन चार राजभोग के दर्शन हुए। चारों राजभोग के दर्शन के बाद नवनीत प्रियजी श्रीनाथजी के संग विराजित हुए। इस अवसर पर विशाला बावा गुंसाईकृत शाही जामा धारण किया। दर्शन के बाद पूरे मंदिर को धोया गया तथा इसके साथ गुलाल की सेवा समाप्त हुई।
बादशाह की सवारी
धुलंडी के अवसर पर शहर के गुर्जरपुरा में स्थित बादशाह गली से बादशाह की सवारी निकाली गई, जो मंदिर की परिक्रमा करते हुए श्रीजी मंदिर के गोवर्धन पूजा चौक में पहुंची। श्रीजी मंदिर में बादशाह नवधा भक्ति को मान्यता देने वाली सूरजपोल दरवाजे की सीढिय़ों को अपनी दाढ़ी से बुहारा। इस परम्परा के निर्वाहन के बाद बादशाह की सवारी को पुन: अपने घर प्रस्थान कर गई।
नाथद्वारा में उमड़ा भक्तों का सैलाब
नाथद्वारा। विश्व प्रसिद्घ पुष्टि मार्गीय वल्लभ संप्रदाय की प्रधानपीठ श्रीनाथद्वारा में होली व धुलंडी के अवसर पर भक्तों का जनसैलाब उमड़ा। शनिवार को श्रीजी के राजभोग झांकी के दर्शन लगभग ढ़ाई घण्टे तक खुले रहे।
श्रीजी नगरी में वैष्णवो की जबरदस्त भीड़ को देखने के बाद व्यापारियों के चेहरे खिल गए।
चौपाटी पर लगा रहा वाहनों का अंबार
शहर के चौपाटी पर वाहनों के जमावड़े के कारण बाहर से आए वैष्णवों को भारी मुसिबतों का सामना करना पड़ा। उल्लेखनीय है कि त्योहारों के चलते श्रीजी की नगरी में वैष्णवों की संख्या बहुत ज्यादा थी और राजभोग के दर्शन के दौरान चौपाटी पर वाहनों का जमावडा होने से प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलती है।



