आठ मार्च को उदयपुर में होगा अंतिम संस्कार

उदयपुर। पूर्व विदेश सचिव जगत मेहता का आज सुबह लंबी बीमारी के बाद चेतक सर्कल स्थित उनके निवास स्थान पर निधन हो गया है। वे ९२ वर्ष के थे। वे अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। मेहता के पीछे तीन बेटे और एक बेटी है। श्री मेहता प्रधानमंत्री सलाहकार समिति के पूर्व सदस्य, विद्याभवन और सेवा मंदिर के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। श्री मेहता ने आज सुबह उनके निवास स्थान पर पौने आठ बजे अंतिम सांस ली। इस दौरान उनके नजदीकी वहां मौजूद थे। श्री मेहता के तीन पुत्र हैं, जिनमें विक्रम मेहता, अजय मेहता, उदय मेहता और एक बेटी विजया खान मेहता शामिल है। उनके पार्थिव शरीर को सुरक्षित रखने के लिए अमेरिकन हॉस्पीटल ले जाया गया। उनका अंतिम संस्कार आठ मार्च को उदयपुर में किया जाएगा। अंतिम संस्कार का स्थान अभी तय नहीं किया गया है। श्री मेहता के अंतिम संस्कार में राष्ट्रीय और प्रदेश के बड़े नेताओं के शामिल होंगे। श्री मेहता उदयपुर के झीलों को संरक्षित रखने के लिए लंबे समय से प्रयासरत थे। उन्होंने झील सुरक्षा प्राधिकरण बनवाने में भी अहम योगदान दिया था। श्री मेहता देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में विदेश सचिव रहे थे। मेहता को भारत-चीन संबंधों का विशेषज्ञ माना जाता रहा है। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ काम करने का मौका मिला था। वे प्रधानमंत्री के अच्छे मित्रों में से थे।





जगत मेहता का निधन
मेडिकल छात्रों पर हमले के विरोध में डॉक्टर्स की सांकेतिक हड़ताल


रैली निकाल कर कलेक्ट्री पर किया प्रदर्शन, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
उदयपुर। उत्तरप्रदेश के कानपुर में मेडिकल छात्रों पर हुए हमले के विरोध में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के आह्वान पर देशव्यापी डॉक्टरों की हड़ताल के समर्थन में आज शहर में भी सरकारी और गैर सरकारी डॉक्टर्स ने दो घंटे तक सांकेतिक हड़ताल रखी। इस दौरान डॉक्टर्स ने रैली निकालकर कलेक्ट्री पर प्रदर्शन किया और यूपी सरकार के नाम पर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
भारतीय चिकित्सा संघ के महासचिव डॉ आनंद गुप्ता ने बताया कि आज सुबह महाराणा भूपाल चिकित्सालय में सभी सरकारी और गैर सरकारी डॉक्टर जमा हुए और वहां से हॉस्पीटल रोड, कोर्ट चौराहा होते हुए रैली के रूप में जिला कलेक्ट्री पहुंचे तथा जिला कलेक्टर को यूपी सरकार के नाम ज्ञापन दिया, जिसमें कानपुर में मेडिकल छात्रों पर हमला करने वाले इरफान सोलंकी पर करवाई करने की मांग की गई।
रैली में 500 से अधिक डॉक्टरों ने हिस्सा लिया, जिनमें महाराणा भूपाल अस्पताल के सभी डॉक्टर, रेजिडेंट डॉक्टर और आरएनटी मेडिकल स्टूडेंट, गीतांजलि व जीबीएच अमेरिकन हॉस्पीटल आदि के भी चिकित्सक रैली में शामिल थे। सभी डॉक्टर्स सुबह नौ से 11 बजे तक सांकेतिक हड़ताल पर रहे। इस दौरान दो घंटे तक काम का बहिष्कार किया गया।
मतदाता सूची में हैं नाम, तो आप कर सकते हैं मतदान

उदयपुर। लोकसभा चुनाव में मतदान के दौरान यदि आपके पास वोटर आईकार्ड नहीं है। विभाग की ओर से भेजी जाने वाली मतदाता पर्ची भी नहीं है। तब भी आप मतदान कर सकेंगे। हां, इसके लिए आपका नाम मतदाता सूची में जुड़ा होना जरूरी है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी अशोक जैन ने कल जारी प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी कि किसी भी वोटर को इस बात के लिए भी परेशान होने की जरूरत नहीं है कि उसका नाम मतदाता सूची में है या नहीं। हैं तो किस मतदान केंद्र पर है, किस भाग संख्या के किस क्रम पर है। इसके लिए विभाग ने सभी नाम वेबसाइट पर अपलोड किए हैं। वहां नाम और अन्य जानकारियों के आधार पर पता लगाया जा सकता है। इसके अलावा एसएमएस के जरिए भी वोटर अपना क्रम, मतदान केंद्र पता कर सकेगा। इसके बावजूद यदि वोटर यह भी नहीं कर सकेगा, तो उसके लिए नौ मार्च को प्रत्येक मतदान केंद्र पर बीएलओ मतदाता सूची लेकर बैठेंगे। वहां वे अपना नाम देख सकेंगे। यदि नाम नहीं हैं, तो वे फार्म-छह भरकर जुड़वां भी सकेंगे।
यह भी रहेंगी व्यवस्थाएं
> पोस्टल बैलेट की पहले से ज्यादा स्मार्ट व्यवस्था रहेगी।
> प्रत्याशियों के प्रतिदिन खर्च पर मॉनिटरिंग की जाएगी। इसके लिए आयकर, एक्साइज, पुलिस आदि सभी विभागों के अधिकारियों को प्रशिक्षित किया है।
> पेड न्यूज पर रोक व निगाह रखने के लिए जिलास्तर पर कमेटियां तैयार।
> अधिक मतदान के लिए विभागीय स्तर पर, मीडिया के हर स्तर पर प्रचार-प्रसार शुरू किया जा रहा है।
> ईवीएम का एलोकेशन रेंडम आधार पर किया जाएगा। इसके सॉफ्टवेयर में ईवीएम डेटा अपलोड कर दिए गए हैं।
> गर्मी में बूथ पर पानी, शैल्टर, शौचालय, रैंप, बिजली आदि का प्रबंध रहेगा।
> अवैध हथियारों की जब्ती व लाइसेंस शुदा हथियार भी जमा होंगे।
> अवांछित तत्वों को चिह्नित कर पाबंद किया जाएगा।
> धन का दुरुपयोग रोकने के लिए सख्ती रहेगी।
> सोशल मीडिया के विज्ञापन पर भी निगाह रहेगी। बल्कि एसएमएस करने वाली कंपनियों के माध्यम से सूचना प्राप्त करेंगे और पार्टियों, प्रत्याशियों के खर्च में उन्हें जोड़ेंगे।
राजनीतिक दलों के लिए इस प्रकार के बंधन
> चुनाव घोषणापत्र पर भी आयोग की निगाह रहेगी। उनमें किसी भी प्रकार के ऐसे तथ्य नहीं होंगे, जो संविधान या आदर्श आचार संहिता के खिलाफ जैसी कोई बात शामिल हो।
> निर्वाचन प्रक्रिया की स्वच्छता का ख्याल रखना होगा।
> वित्तीय आवश्यकताओं के उपाय बताने होंगे।
> घोषणा पत्र में ऐसे ही वादे करने होंगे, जिन्हें घोषणा करना संभव हो।
> संपत्ति कानून विधानसभा चुनाव की तरह लागू होगा।
> चुनाव प्रचार के विज्ञापन का प्री-सर्टिफिकेशन देना होगा। कैसा विज्ञापन दे रहे हैं। उसके खर्च की जानकारी भी।
> प्रत्याशियों के चुनाव खर्च का भी प्रतिदिन ब्यौरा रखना होगा। इसके लिए एक रजिस्टर दिया जाएगा। उसे तीन दिन में दिखाना होगा। वेबसाइट पर भी उसे अपलोड करना होगा।
चोरी के प्रयास में चार गिरफ्तार

उदयपुर। अंबामाता पुलिस ने एकलव्य कॉलोनी में चोरी का प्रयास करते चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार एकलव्य कॉलोनी स्थित रिंग रोड पर बुधवार को सीवरेज कैंप परिसर में चोरी का प्रयास करते फलासिया निवासी कैलाश पुत्र मिनका खराड़ी, राजू पुत्र वैला खराड़ी, हुरमा पुत्र रूपा, धर्मा पुत्र वैला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से सभी को जेल भेज दिया। प्रकरण के अनुसार रिंग रोड पर सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का कैंप लगा हुआ है। आरोपी वहां चोरी करने पहुंचे, लेकिन जाग हो जाने से लोगों ने उन्हें पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने कंपनी के मनोज पुत्र बजरंगलाल शर्मा की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया।
नकदी जेवर चोरी : सोनारिया (सराड़ा) निवासी मोहन पुत्र पदमा के मकान में मंगलवार रात चोर २५० ग्राम चांदी के जेवर, पांच रुपए नकद चुरा ले गए। इस दौरान मोहन पास के कमरे में सोया था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
प्लास्टीक दोनों से भरे बैग चोरी: हिरणमगरी सेक्टर चार निवासी राघवेंद्र पुत्र देवराजसिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि २४ सितंबर, १३ को चालक चणावदा निवासी राजकुमार मीणा गुजरात से प्लास्टीक दानों से भरे ८४० बैग लेकर हरिद्वार जा रहा था। बीच रास्ते टीडी की नाल में अज्ञात चोर तिरपाल काट कर ३४ बैग चुरा ले गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रिश्वत लेते हैड कांस्टेबल गिरफ्तार

कपासन। भ्रष्टाचार निरोधक विभाग टीम ने तीन हजार रुपए की रिश्वत लेते एक हैड कांस्टेबल को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। हैड कांस्टेबल ने यह रिश्वत फरियादी के बेटे-बेटी के नाम चोरी के आरोप संबंधी परिवाद से हटाने की एवज में मांगी थी। एसीबी के एडिशनल एसपी भूपेंद्रसिंह चूंडावत ने बताया कि कपासन में दरगाह के पीछे कच्ची बस्ती निवासी नारायण पुत्र नगजीराम बागरिया ने चार मार्च को शिकायत दर्ज कराई थी। इसके अनुसार कपासन थाने के हैड कांस्टेबल व थाने के हैड मोहर्रिर निकुंभ थानांतर्गत कलंदरखेड़ा निवासी जाकिर हुसैन पुत्र अनवर खान ने उसकी बेटी पूजा व बेटे राजू के खिलाफ भेड़ चोरी के आरोप संबंधी एक परिवाद आने की बात कही।
हैड कांस्टेबल जाकिर हुसैन ने नारायण बागरिया से परिवाद को रफा-दफा करने की एवज में पांच हजार रुपए मांगे। बाद में तीन हजार रुपए पर मामला तय हुआ। शिकायत का सत्यापन होने के बाद एसीबी टीम सीआई जयमलसिंह के नेतृत्व में कपासन पहुंची। नारायण बागरिया ने हैड कांस्टेबल जाकिर को रिश्वत देने के लिए फोन किया, तो जाकिर ने बताया कि वह दामाखेड़ा आया हुआ है। रुपए लेकर यहीं आ जाओ। बुधवार दोपहर नारायण रुपए लेकर दामाखेड़ा चला गया, जहां तीन हजार रुपए देने के बाद इशारा पाकर एसीबी टीम ने हैड कांस्टेबल जाकिर हुसैन को पकड़ लिया। रिश्वत राशि उसकी पैंट की जेब में बरामद हो गई। कार्रवाई के बाद एसीबी टीम हैड कांस्टेबल जाकिर हुसैन को गिरफ्तार कर चित्तौडगढ़़ पहुंची।
मिनी क्लब की महिलाओं ने मनाया फाग महोत्सव
उदयपुर। मिनी क्लब की महिला सदस्यों ने बुधवार को वुडलैण्ड में फागोत्सव मनाया गया। महोत्सव के तहत क्लब की महिलाओं के बीच विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गई।
क्लब की संयोजिका नीता खोखावत एवं मोनिका कोठारी ने बताया कि इस अवसर पर सभी बहिनें सफेद एवं लाल परिधान में सज धज कर आई। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गई जिसमें फागण थीम, रंग भरो होली एवं होली पर हौजी का गेम खेलाया गया। इसमें प्रथम हेमलता सिंघवी, द्वितीय रेणु व तृतीय प्रियंका तलेसरा रही। सभी बहिनों ने मिलकर सामूहिक रूप से चंग के साथ गीत एवं डांस पार्टी का आयोजन किया। फागण थीम में सोनल सिंघवी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर पूर्णिमा कोठारी, स्वीटी कोठारी, चंचल डूंगरपुरिया आदि उपस्थित थी।
कृषि के क्षेत्र में नई तकनीक पर कृषि विश्वविद्यालय उदयपुर को मिला प्रथम पुरस्कार
उदयपुर। महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, उदयपुर को कृषि मे नवोन्मेशी तकनीकों के माध्यम से उत्पादन व ग्रामीण समृद्घि को बढाने के लिये प्रशस्ति पत्र, प्रतीक चिन्ह एवं 2.11 लाख रूपये से सम्मानित किया गया हैै ।
महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. ओ. पी. गिल ने यह सम्मान ग्रहण किया । उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय को देश के 68 कृषि विश्वविद्यालयों में अव्वल रहने पर महिंद्रा एण्ड महिंद्रा लि. कम्पनी की महिंद्रा समृद्घि योजना के अन्तर्गत वर्ष 2014 का ’’कृषि शिक्षा सम्मान’’ प्रदान किया गया है।
नई दिल्ली के होटल अशोका मे आयोजित सम्मान समारोह मे माननीय कृषि राज्य मंत्री, भारत सरकार, श्री तारिक अनवर ने यह पुरस्कार महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. ओ. पी. गिल को प्रदान किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अनुसंधान व प्रसार शिक्षा निदेशक भी उपस्थित थे। उन्होंने विशेष रूप से कृषि मे नवोन्मेशी तकनीकों के माध्यम से उत्पादन व ग्रामीण समृद्घि को बढाने के लिये अधिष्ठाताओं एवं निदेशकों के कुशल मार्गदर्शन और सीताफल के प्रसंस्करण मे उद्यानिकी के डॉ. आर. ए. कौशिक व उनकी टीम व प्रतापधन पर आधारित आंगन की कुक्कुटशाला के लिऐ डॉ. एस. पी. टेलर व उनकी टीम को उल्लेखनीय योगदान हेतु बधाई दी। प्रो. गिल ने कुलपति सचिवालय मे आयोजित एक कार्यक्रम मे उपस्थित सभी महाविद्यालयों के अधिष्ठाताओं, निदेशकों, वरिष्ठ अधिकारियों व विभागाध्यक्षों को सम्बोधित करते हुए कृषि क्षेत्र मे इसी प्रकार के सम्मान व पुरस्कार प्राप्त करने के लिये और अधिक प्रयास करने की आवश्यकता भी जताई।
HZL ने किया विकास कार्यक्रमों के तहत प्रमाण-पत्रों का वितरण
उदयपुर । जावर माइन्स: दिनांक 5 मार्च, 2014 को हिन्दुस्तान जिंक लिमिटेड, जावर माइन्स में ग्रामीण विकास कार्यक्रम के तहत स्थानीय ग्र्रामीण विकास संसाधन केन्द्र पर 17 नवयुवकों को तीन माह का गहन व्यवसायिक प्रशिक्षण प्रदान करवाने के पश्चात् प्रमाण पत्रों का वितरण एक सादे समारोह में श्री शरद मिश्रा, इकाई कार्मिक प्रधान की अध्यक्षता मंे किया गया। इन नव युवकों को हाउस होल्ड वायरिंग एवं डोमेस्टीक एपलायेन्सेस का रिपेयरिंग एवं मेन्टेनेन्स प्रशिक्षण, ड्रीलिंग एवं माइनिंग हेल्पर एवं सूचना एवं प्रोद्योगिकी प्रशिक्षण में एन.जी.ओ. पार्टनर मै. सकल्प संस्थान पर तीन माह का आवासीय गहन व्यवसायिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
श्री के. के. दवे, संस्थापन प्रधान एवं उपाध्यक्ष, जावर खान समूह के निर्देशों में उपरोक्त निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण प्रदान करवाया गया। कार्यक्रम का संचालन ग्रामीण विकास विभाग जावर माइन्स के अशोक कुमार सोनी, सी. एस. आर. अधिकारी ने किया ।
डॉ. आदिल ख्वाज़ा गरीब नवाज़ दरगाह के नए सहायक नाज़िम
उदयपुर। अजमेर ख्वाजा गरीब नवाज़ की दरगाह के लिए डॉ. मोहम्मद आदिल को सहायक नाज़िम के पद पर नियुक्त करदिया गया है। डॉ आदिल ने मंगलवार को कार्य भार संभाल लिया।
प्रतापगढ़ निवासी डॉ आदिल ने अपनी शिक्षा उदयपुर से पूरी कि थी और आदिल लम्बे समय तक उदयपुर में ई टीवी उर्दू के पत्रकार रह चुके अभी भी आदिल जयपुर में ई टीवी उर्दू के पत्रकार के रूप में कार्यरत थे। पिछले वर्ष डॉ आदिल को साहित्य सम्मान से भी नवाज़ा गया था।
मंगलवार को दरगाह कमिटी के नए सहायक नाजिम डॉ मोहम्मद आदिल ने मंगलवार को कार्य भार ग्रहण किया। इस मौके पर कमेटी स्टाफ ने उनका गुलपोशी कर इस्तकबाल किया। डॉ आदिल सुबह नाजिम दफ्तर पहुंचे। उन्हें कार्यवाहक नाजिम हाजी मोहम्मद सिद्दीक ने पद भार ग्रहण कराया। इसके बाद कमेटी स्टाफ ने उन्हें मुबारकबाद पेश की। मोबीन अहमद खान, अब्दुल अजीज, अब्दुल रहमान, शाहनवाज हुसैन, पूर्व सहायक नाजिम अब्दुल अलीम, बशीरुल कादरी, हनीफ खान और सलामुद्दीन आदि ने उनकी गुलपोशी की। बाद में डॉ आदिल ने कमेटी के कामकाज के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उनकी ज्वॉइनिंग रिपोर्ट दरगाह कमेटी सदर मोहम्मद उबेदुल्लाह शरीफ और केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलात मंत्रालय को भी भेज दी गई है।
डॉ. आदिल को ख्वाजा गरीब नवाज़ दरगाह में सहायक नाज़िम पद का कार्य भर सँभालने पर उदयपुर लेकसिटी के अध्यक्ष मनु राव व् प्रेस क्लब की कार्यकारणी के साथ सभी क्लब के साथी सदस्यों ने बधाई प्रेषित की है ।
बज गया चुनावी ढोल

7 अप्रैल से 12 मई तक 9 चरणों में होंगे चुनाव , 16 मई को गिनती
राजस्थान में 17 और 24 अप्रैल को पड़ेंगे वोट
नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने 16वीं लोकसभा के लिए तारीखों का ऐलान कर दिया है। चुनाव कुल 9 चरणों होंगे। पहले चरण में वोट 7 अप्रैल को डाले जाएंगे और काउंटिंग 16 मई को होगी। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा, लोकसभा के साथ 3 राज्यों में विधानसभा चुनाव भी होंगे। ये राज्य हैं आंध्र प्रदेश, ओडिशा और सिक्कम। चुनाव की तारीखों की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।
दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि इस बार निष्पक्ष और भयमुक्त चुनाव कराने के लिए आयोग ने कुल 9 चरणों में चुनाव कराने का फैसला लिया है। पहले चरण में 7 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। दूसरे चरण में वोट 9 अप्रैल को, तीसरे चरण में 10 अप्रैल, चौथे चरण में 12 अप्रैल, पांचवें चरण में 17 अप्रैल, छठे चरण में 24 अप्रैल, सातवें चरण में 30 अप्रैल, आठवें चरण में 7 मई और 12 मई को नौवें और आखिरी चरण के लिए वोट डाले जाएंगे। वोटों की गिनती 16 मई को होगी।
9 मार्च तक वोटर लिस्ट में नाम दर्ज कराने का मौका : इस मौके पर संपत ने कहा कि जिन लोगों के नाम वोटर लिस्ट में नहीं हैं उन्हें नाम दर्ज कराने के लिए एक और मौका मिलेगा। संपत ने कहा कि 9 मार्च तक नए वोटरों को वोटर लिस्ट में नाम दर्ज कराने का मौका दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए देश भर में करीब 9 लाख कैम्प लगाए जाएंगे।
इस बार 10 करोड़ नए वोटर : मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि इस बार करीब 81.4 करोड़ वोटर वोट डालेंगे। पिछले चुनाव से करीब 10 करोड़ वोटर ज्यादा हैं।
लोकसभा चुनावों में पहली बार नोटा का विकल्प : लोकसभा चुनावों के लिए पहली बार नोटा विकल्प भी है। गौरतलब है कि पिछले दिनों 5 राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के दौरान पहली बार नोटा विकल्प रखा गया था।
सबको ध्यान में रखकर तारीखों का ऐलान : मुख्य चुनाव आयुक्त वी.एस.संपत ने तारीखों का ऐलान करते हुए कहा कि पिछले 4 फरवरी को सभी दलों के साथ हुई बैठक में चुनाव से जुड़े सभी पहलुओं पर ध्यान दिया गया था। सभी पार्टियों की बातों को ध्यान में रखकर तारीखों का ऐलान किया गया है। उन्होंने तारीखों का ऐलान करते वक्त मॉनसून, त्योहारों परीक्षाओं सहित सभी बातों का ध्यान रखा गया है।गौरतलब है कि 2009 में लोकसभा के चुनाव 16 अप्रैल से 13 मई के बीच 5 चरणों में हुए थे, यानी यह पहली बार होगा, जब देश में 9 चरणों में लोकसभा चुनाव होंगे।
कब कहां पड़ेंगे वोट
॥ आंध्र प्रदेश : 30 अप्रैल, 7 मई
॥ अरुणाचल प्रदेश: 9 अप्रैल
॥ असम:12, 17 और 24 अप्रैल
॥ बिहार: 10, 17, 24, 30 अप्रैल, मई 7 और 12 मई
॥ छत्तीसगढ़: 10, 17 और 24 अप्रैल
॥ गोवा: 17 अप्रैल
॥ गुजरात: 30 अप्रैल
॥ हरियाणा: 10 अप्रैल
॥ हिमाचल प्रदेश: 7 मई
॥ जम्मू-कश्मीर: 10, 17, 24, 30 अप्रैल और 7 मई
॥ झारखंड: 10, 17 और 24 अप्रैल
॥ कर्नाटक: 17 अप्रैल
॥ केरल: 10 अप्रैल
॥ मध्य प्रदेश: 10, 17 और 24 अप्रैल
॥ महाराष्ट्र: 10, 17 और 24 अप्रैल
॥ मणिपुर: 9 और 17 अप्रैल
॥ मेघालय: 9 अप्रैल
॥ मिजोरम: 9 अप्रैल
॥ नगालैंड: 9 अप्रैल
॥ ओडिशा: 10 और 17 अप्रैल
॥ पंजाब: 30 अप्रैल
॥ राजस्थान: 17 और 24 अप्रैल
॥ सिक्कम: 12 अप्रैल
॥ तमिलनाडु: 24 अप्रैल
॥ त्रिपुरा: 7 और 12 अप्रैल
॥ उत्तर प्रदेश: 10, 17, 24 और 30 अप्रैल, मई 7 और 12
॥ उत्तराखांड : 7 मई
॥ पश्चिम बंगाल: 17, 24, 30 अप्रैल, 7 और 12 मई
॥ अंडमान और निकोबार: 10 अप्रैल
॥ चंडीगढ़: 12 अप्रैल
॥ दादर और नागर हवेली: 12 अप्रैल
॥ दमन और दीव: 30 अप्रैल
॥ लक्षद्वीप: 10 अप्रैल
॥ पुड्डुचेरी: 24 अप्रैल


