
चित्तौडग़ढ़। जिले के अधिकांश इलाकों में बुधवार दोपहर बाद हुई ओलावृष्टि ने किसानों को रुलाने में कोई कसर नहीं रखी। आधा किलो से भी अधिक वजन के बड़े-बड़े ओले कई जगह दूसरे दिन भी बिना पिघले जस के तस पड़े दिखाई दिए, पर रबी फसलों खासकर अफीम में नुकसान को देखकर किसान इतने दुखी नजर आए, मानो ये ओले उनकी आंखों के माध्यम से पिघल रहे हैं। इन किसानों का दर्द गुरुवार को जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के सामने फूट पड़ा। इस प्राकृतिक प्रकोप के कारण नए कलेक्टर वेद प्रकाश कमान संभालने के दूसरे ही दिन गुरुवार को छुट्टी के बावजूद जिले के कई गांव और खेतों में पहुंचे। कलेक्टर सहित अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने नुकसान का जायजा लिया। दूसरी ओर जिलेभर के सैंकड़ों किसान खराबा दिखाने जिला मुख्यालय पर पहुंच गए।
अफीम किसान अलग-अलग समूहों में नारकोटिक्स विभाग तथा कलेक्ट्रेट पहुंचे। अफीम किसान संघर्ष समिति के सचिव गणेशलाल पूर्बिया ने बताया कि राशमी भाजपा ओबीसी प्रकोष्ठ अध्यक्ष गोपीलाल सुथार, हीरालाल जाट, रामेश्वरलाल जाट, मदनलाल जाट कचनारिया, अफीम किसान विकास समिति संरक्षक मांगीलाल मेघवाल बिलोट आदि के नेतृत्व में किसान क्षतिग्रस्त अफीम फसल के डोडे व अन्य नमूने लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और ज्ञापन दिए। इसमें उचित मुआवजा व खराबे के अनुसार औसत कम करने की मांग की। इस दौरान भीमगढ़, पावली, करीथड़ा, बारू, रूद, चौंगावड़ी समेत डूंगला क्षेत्र के किसान भी मौजूद थे। बिजयपुर घाटा क्षेत्र के किसानों के साथ भाजयुमो के मंडल महामंत्री मथूरालाल जाट, पालेर के अफीम मुखिया शोभालाल, नारायणलाल, चंपालाल, मदनलाल आदि ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन में बताया कि अफीम की फसल के साथ-साथ गेंहू व सरसों की फसल में भी 60 फीसदी से अधिक नुकसान हुआ है। जिला अफीम अधिकारी से भेंटकर भी ज्ञापन दिए गए।
ओलावृष्टि से अफीम को भारी नुकसान
भाजपा ने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की
Udaipur. भाजपा ने गुरूवार को लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। केन्द्रीय चुनाव समिति की बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा कर पांच राज्यो के लिए नामों की घोषणा कर दी।
पार्टी ने फिलहाल 54 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है। महाराष्ट्र के लिए 16 नामों की घोषणा की है, जबकि पश्चिम बंगाल के लिए 17 उम्मीदवारों के नामों पर मुहर लगा दी है। अरूणाचल प्रदेश की दोनों सीटों के लिए भी उम्मीदवार तय कर दिए गए हैं। वहीं, ओड़ीसा की छह सीटो के लिए भी पार्टी ने उम्मीदवार तय कर दिए हैं।
पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी नागपुर से चुनाव लड़ेंगे, जबकि गोपीनाथ मुंडे बीड़, दिलीप गांधी अहमदनगर, कीरित सौम्या मुंबई उत्तर पूर्व और गोपाल शेट्टी मुंबई उत्तर से चुनाव लड़ेंगे। गौरतलब है कि भाजपा न नागपुर सीट पर कभी जीत दर्ज नहीं की है।
उम्मीदवारों के नामों की घोषणा को लेकर गुरूवार को हुई बैठक में वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी, पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह, गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी, अरूण जेटली, सुषमा स्वराज और मुरली मनोहर सहित अन्य नेताओं ने हिस्सा लिया।
नरेन्द्र मोदी पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार हैं, लेकिन इस बात को लेकर पार्टी ने कोई घोषणा नहीं की कि मोदी कहां से चुनाव लड़ेंगे। हालांकि, मीडिया में खबरें आ रही हैं कि गुजरात के मुख्यमंत्री वाराणसी या लखनऊ से चुनाव लड़ सकते हैं। यह भी सत्य है कि 2009 में हुए पिछले आम चुनावों मे वाराणसी से मुरली मनोहर जोशी ने चुनाव लड़ा था और वह वहां से वर्तमान सांसद हैं।
वसुंधरा ने ली दावेदारों की क्लास

संभागभर की लोकसभा सीटों के लिए शक्ति प्रदर्शन करते हुए पहुंचे दावेदार, वसुंधरा से मिलने सुबह से जमे पार्टी कार्यकर्ता
उदयपुर। संभागभर के भाजपा के दिग्गज अपनी पूरी शक्ति के साथ महाप्रज्ञ विहार में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से रूबरू होने के लिए सुबह से जमे हुए थे। संभाग की सभी लोकसभा सीटों के लिए टिकट की दावेदारी करने वालों का फीडबैक ले रही वसुंधरा ने आज महाप्रज्ञ विहार में जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ ही दावेदारी रखने वालों की क्लास ली। मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश प्रभारी कप्तानसिंह सोलंकी, राष्ट्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव, प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज मंत्री गुलाबचंद कटारिया, राष्ट्रीय सचिव किरण माहेश्वरी सहित प्रदेश भाजपा के पदाधिकारी मौजूद थे।
समर्थकों के साथ पहुंचे दावेदार: महाप्रज्ञ विहार में सुबह से अपने क्षेत्र की दावेदारी करने वाले नेताओं ने शक्ति प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने लोकसभा चुनाव के पहले फीडबैक लेते हुए स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की रॉयशुमारी की। संभाग के लोकसभा क्षेत्र उदयपुर, राजसमंद, डूंगरपुर-बांसवाड़ा, थे चित्तौडग़ढ़, पाली से दावेदारी रखने वाले जनप्रतिनिधि अपने अपने समर्थकों के साथ जमे हुए थे। महाप्रज्ञ विहार में दोपहर में आई मुख्यमंत्री ने हर क्षेत्र से आए दावेदारों का एक-एक कर फीड बैक लेना शुरू कर दिया है, जो शाम पांच बजे तक चलेगा।
गुटबाजी, शक्ति प्रदर्शन: महाप्रज्ञ विहार में फीड बैक के दौरान छोटे कार्यकर्ताओं से लेकर बड़े-बड़े नेताओं तक में गुटबाजी साफ़ तौर पर देखी जा रही थी। कार्यकत्र्ता और हर क्षेत्र के पदाधिकारी भी गुटों में बंटे हुए थे, उदयपुर-राजसमंद में कटारिया और किरण गुट में आपस में तनातनी साफ देखी गई। हालांकि माना जा रहा है कि कटारिया का पांचो लोकसभा क्षेत्रों में पूरा दखल रहेगा।
कौन-कौन हो सकते हैं लिस्ट में: तीन-तीन नामों वाली लिस्ट में किस-किस कार्यकत्र्ता और पदाधिकारी की लिस्ट में किन दावेदारों के नाम हो सकते है? इसको लेकर असमंजस बना हुआ है। सबसे अधिक दावेदार उदयपुर शहर और चित्तौडग़ढ़ के माने जा रहे हंै। उदयपुर शहर गुलाबचंद कटारिया और किरण गुट में बंटा हुआ दिखा। जनजाति के लिए आरक्षित इस सीट के लिए दावेदारों की सूची सबसे लंबी है, जिसमे झाड़ोल के पूर्व विधायक बाबूलाल खराड़ी, सलूंबर के पूर्व विधायक अर्जुन मीणा, चुन्नी लाल गरासिया, वंदना मीणा के नाम प्रमुख है। संभाग के सबसे अधिक दावदारों के लिए मानी जा रही चित्तौड़ लोकसभा क्षेत्र के दावेदारों ने खासा शक्ति प्रदर्शन बताया। जनरल सीट होने की वजह से वहां दावेदारो की संख्या भी अधिक है और दो विधानसभा क्षेत्र उदयपुर जिले के होने से उदयपुर के दावेदारों की सूची भी लंबी है,
जिसमें प्रमोद सामर, सुशील शर्मा, धर्मनारायण जोशी, मनोहरसिंह कृष्णावत, श्रीचंद कृपलानी, इंदरमल सेठिया, बद्रीलाल जाट, महेश ईनाणी आदि कई नामों की चर्चा है।
राजसमंद के दावेदार भी किरण और कटारिया गुट में बंटे हुए दिखे। माना जा रहा है कि राजसमंद के लिए किरण माहेश्वरी का ज्यादा प्रभाव रहेगा।
डूंगरपुर बांसवाड़ा में कनकमल कटारा, जीवराम कृष्ण कटारा, लक्ष्मी निमामा, दिलीप निमामा के नाम सामने आए है और इनके समर्थक वहां मौजूद थे।
केवल औपचारिकता: महाप्रज्ञ विहार में होने वाले फीड बैक कार्यक्रम को कई भाजपा कार्यकर्ताओं ने सिर्फ एक दिखावा बताया और कार्यकर्ताओं की संतुष्टि के लिए एक औपचारिक ड्रामा बताया। कई पदाधिकारी और कार्यकत्र्ता तो यह कहते देखे गए कि किस को कहां से टिकट मिलना है। यह सब पहले से ही तय है। यह फीड बैक कार्यक्रम सिर्फ माहौल और कार्यकर्ताओं के उत्साह के लिए आयोजित किए जाते हैं।
मुख्यमंत्री ने किया विभूति पार्क का लोकार्पण

उदयपुर। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने आज सुबह फतहसागर की पाल पर नवनिर्मित विभूति पार्क का लोकार्पण करने के साथ ही बेड़वास में मेगा हाउसिंग योजना की आधारशिला रखी और सर्किट हाउस के नीचे स्थापित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण किया गया है। दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार उदयपुर आई वसुंधरा राजे ने यहां विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
इस दौरान ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री गुलाबचंद कटारिया, महापौर रजनी डांगी, ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश भट्ट, संभागीय आयुक्त वैभव गालरिया, कलेक्टर आशुतोष पेढणेकर, एसपी अजय लांबा सहित कई अधिकारी भी मौजूद थे।
लंबे समय से तैयार हुए पड़े फतहसागर की पाल पर विभूति पार्क का आज मुख्य मंत्री वसुंधराराजे ने लोकार्पण किया। इससे पूर्व गहलोत सरकार के कार्यकाल में बनकर तैयार हुए इस पार्क का करीब तीन बार तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के हाथों उद्घाटन का मौका आया, लेकिन हर बार किसी ना किसी वजह से टल गया।
आज मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने इस उद्यान का उद्घाटन किया। वहां से फतहसागर की पाल पर ही सर्किट हाउस के नीचे बने पार्क में नगर निगम द्वारा निर्मित ध्यान की मुद्रा वाली आठ लाख की लागत से बनी स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण किया। इसके बाद राजे ने बेड़वास में मेगा हाउसिंग आवास योजना की आधार शीला रखी।
रातों रात सड़के और पार्क तैयार : मुख्यमंत्री के उदयपुर दौरे के मद्देनजर जिन पार्कों में मुख्यमंत्री को कार्यक्रम के लिए जाना था, वहां के अधूरे पड़े काम और मुख्यमंत्री जिस रास्ते से जाने वाली थी, वह सड़क रातों रात तैयार हो गए। विभूति पार्क पिछले कई महीनों से लगभग तैयार होकर उजाड़ हो रहा था। जैसे ही मुख्यमंत्री द्वारा उद्घाटन की सूचना आई, तो रातों-रात वहां सफाई और मेंटिनेंस का दौर चला और तीन दिन में गार्डन को चमका दिया। ऐसा ही सर्किट हाउस के नीचे पार्क का भी हाल हुआ, जो काम पिछले कई महीनों ने अधूरे पड़े थे, वो एक दिन में पूरे कर लिए गए। फतहसागर की रोड भी रातों-रात तैयार हो गई। चेतक से सिंघल हाउस तक जाने वाली सड़क पर भी डामरीकरण किया गया।
जयकारों से गूंजती रही चीरवा घाटी


उदयपुर। महाशिवरात्रि पर्व पर मेवाड़ नाथ एकलिंगजी के दर्शनों के लिए हजारों शिवभक्त बीती शाम शहर व आसपास से पैदल रवाना हुए, जिन्होंने आज सुबह मंगला के दर्शन किए। एकलिंगजी में दर्शनों के लिए महिलाओं और पुरुषों के लिए बेरिकेट्स लगाकर व्यवस्था की गई है। भक्तों का रैला कैलाशपुरी की घाटी से लेकर मंदिर के द्वार तक लगा हुआ है। आज दिनभर शिवभक्त एकलिंगजी के दर्शन कर रहे हैं।
बीती शाम शहर के विभिन्न इलाकों, जैसे मल्लातलाई, बेदला, गोवर्धनविलास, प्रतापनगर और अंदरुनी शहर से शिवभक्तों के जत्थे पैदल रवाना हुए। अलग-अलग समूह में शिवभक्त, जिनमें महिलाएं, बच्चे और पुरुष शामिल थे। ये लोग भुवाणा होते हुए चीरवा घाटा पार करके पैदल कैलाशपुरी पहुंचे। इस बीच जय महादेव, बम-बम भोले, जय एकलिंगनाथ, हर-हर महादेव के जयकारों से चीरवा घाटी गूंजती रही। शिवभक्तों के लिए जगह-जगह स्टॉल लगाकर, पानी, शर्बत, और खान-पान की व्यवस्था की गई थीं। इधर, शहर में समोरबाग स्थित नीलकंठ महादेव, रानी रोड स्थित महाकालेश्वर महादेव, अस्पताल मार्ग स्थित हजारेश्वर महादेव, समीपवर्ती तीतरड़ी में पहाड़ी पर स्थित गुप्तेश्वर महादेव, नाई गांव के पास स्थित नांदेश्वर महादेव, झामरकोटड़ा स्थित झामेश्वर महादेव सहित सभी शिवलयों में दर्शनों के लिए भक्तों का रैला लगा हुआ है। झामेश्वर, गुप्तेश्वर और उबेश्वर महादेव में भक्तों का मेला लगा हुआ है।



अश्लील वीडियो बनाने वालों की गिरफ्तारी नहीं

उदयपुर। किशोरी से दुष्कर्म करके अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल के आरोपियों को भूपालपुरा पुलिस अब तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है, लेकिन अब तक कोई खास सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा है।
भूपालपुरा थानाधिकारी रतन चावला ने बताया कि अलीपुरा निवासी एक किशोरी ने पड़ोसी सोनू उर्फ सुनील (25) के खिलाफ दुष्कर्म कर अश्लील वीडियो बनाने का मामला दर्ज कराया था। किशोरी ने रिपोर्ट में बताया कि लगभग डेढ़ साल पहले सोनू ने किशोरी के सामने दोस्ती का प्रस्ताव रखा था। एक साल पहले किशोरी घर पर अकेली थी, तब आरोपी सुनील ने उसके दोस्त रवि एवं बंटी की मदद से किशोरी का अपहरण कर लिया। किशोरी को सुखेर स्थित एक होटल में ले जाया गया, जहां दुष्कर्म करके वीडियो बनाया गया। इसके बाद से तीनों किशोरी को ब्लैकमेल कर रहे थे। किशोरी ने आरोपी पर उससे हजारों रुपए एंठने का आरोप भी लगाया है। मंगलवार को आरोपी सुनील ने फोन कर पांच हजार रुपए मांगे। रुपए नहीं देने पर उसके इस क्लिपिंग को सार्वजनिक करने की धमकी दी। इस पर किशोरी ने परिजानों को आपबीती बताई। बुधवार को किशोरी ने उसके परिजनों के साथ जा कर आरोपी के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म व अश्लील वीडियो बना कर ब्लैकमेल करने का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
मामूली बात पर ले ली राहुल की जान

आरोपी का पिता भी बेचता है प्रतापनगर मंडी में सब्जी, आरोपी का अब तक नहीं लगा सुराग, मृतक के परिजनों को पांच लाख देने की मांग
उदयपुर। प्रतापनगर सब्जी मंडी में सब्जी विक्रेता राहुल की हत्या सब्जी बेचने को लेकर हुए मामूली विवाद के चलते की गई। राहुल की हत्या का आरोपी मुकेश मेघवाल का पिता भी प्रतापनगर मंडी में सब्जी बेचता था और कभी-कभी मुकेश भी पिता की जगह सब्जी बेचता था। १५ दिन पूर्व दोनों के बीच सब्जी बेचने को लेकर विवाद हुआ और इस रंजिश के चलते मुकेश ने राहुल की गोली मारकर हत्या कर दी। यह खुलासा पुलिस पूछताछ में हुआ है। मुकेश की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई है, जो आरोपी की तलाश कर रही है।
गौरतलब है कि प्रतापनगर चौराहे पर स्थित सब्जी मंडी में राहुल (२२) पुत्र रामलाल की रविवार शाम को गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। आरोपी मुकेश एक बाल अपचारी के साथ बाइक पर बैठकर यहां आया था और हत्या करके फरार हो गया था। इधर, ठेला व्यवसायी एकता यूनियन के संरक्षक व माकपा जिला सचिव बीएल सिंघवी एवं ठेला व्यवसायी एकता यूनियन के अध्यक्ष भैरूलाल साहू ने प्रतापनगर पर सब्जी विक्रेता राहुल के हत्यारे की तुरन्त गिरफ्तारी की मांग करते हुए उसके परिवार को पांच लाख रुपए का मुआवजा देने की प्रशासन से मांग की। ठेला व्यवसायी एकता यूनियन के संरक्षक बीएल सिंघवी ने अफ सोस जाहिर किया कि राहुल के हत्यारे को अभी तक पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है। भारतीय मजदूर संघ के तत्वावधान में मेवाड़ सब्जी एवं फल विक्रेता संघ प्रतापनगर द्वारा मंडी प्रांगण में राहुल की आत्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान संघ के अध्यक्ष आजादसिंह हाड़ा ने बताया कि पुलिस ने आश्वस्त किया है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस आश्वासन के बाद मंडी को फिर से खोलने की घोषणा की गई है। इस दौरान संघ के महामंत्री शंकरलाल चंदेल, पार्षद धनपाल स्वामी, सत्यनारायण, दिनेश, नंदलाल, पूरणजी दुर्गा बाई आदि मौजूद थे।
अवैध हथियार के साथ दो गिरफ्तार
उदयपुर। फतहनगर पुलिस ने अवैध हथियार के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों से एक पिस्टल व तीन जिंदा कारतूस बरामद किए।
फतहनगर थानाधिकारी रघुवीरसिंह ने बताया कि बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक अवैध हथियार लेकर फतहनगर से उदयपुर की तरफ जा रहे हैं।
इस पर पुलिस ने हीरावास गांव के पास नाकाबंदी की और दोनों युवकों से पूछताछ की।
दोनों की तलाशी के दौरान पुलिस ने एक पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि रणछोड़पुरा कपासन निवासी मोहनलाल पुत्र माधुलाल जाट, सोहनलाल उर्फ सोनू पुत्र हेमाराम जाट होना बताया।
आरोपियों ने बताया कि एक वर्ष पूर्व बाड़मेर के एक युवक से 20 हजार रुपए में उन्होंने यह पिस्टल खरीदी थी। पुलिस दोनों आरोपियों को आज न्यायालय में पेश करेगी।
कैलाशपुरी में महाशिवरात्रि पर्व पर विशेष अनुष्ठान आज
भगवान एकलिंगनाथ के होंगे 52 रूद्राभिषेक

उदयपुर। फाल्गुन कृ ष्णा त्रयोदशी पर आज कैलाशपुरी स्थित मंदिर श्री एकलिंगजी में महाशिवरात्रि का महोत्सव रात 10 बजे से शुरू होगा। शिवरात्रि को त्रिकाल पूजा सामान्य दिनों की तरह ही होगी। श्रीएकलिंगजी ट्रस्ट के अनुसार महाशिवरात्रि की विशेष पूजा आज रात 10 बजे से चार प्रहर तक निरंतर चलती रहेगी और कल सुबह 11.30 से 12.00 बजेे के बीच पूर्ण होगी। चारों प्रहर की पूजा में विशेष श्रृंगार किया जाएगा जो दर्शनीय होगा।
52 रूद्राभिषेक
महाशिवरात्रि पर चारों प्रहर की पूजा में प्रत्येक प्रहर में 13 रूद्रीपाठ होंगे। प्रत्येक प्रहर में सवा नौ किलो, प्रत्येक दूध, दही, घी, शहद एवं शक्कर से पंचामृत श्री एकलिंगनाथ को धारण कराया जाएगा। इस प्रकार कुल सवा 46 किलो की मात्रा में पंचामृत की सामग्री एक प्रहर में चढ़ाई जाएगी एवं 52 रूद्राभिषेक होंगे। महाशिवरात्रि पर पैलेस बैंड सेवा में चारों प्रहर बजेगा। महाशिवरात्रि पर चारों प्रहर की पूजा में दर्शन आज रात 10 बजे से दूसरे दिन शुक्रवार अपराह्न तक निरंतर खुले रहेंगे, क्योंकि महाशिवरात्रि की पूजा निरंतर चलती रहती है। दर्शनार्थी शुक्रवार सुबह 11.30 बजे तक महाशिवरात्रि के दर्शन लाभ ले सकेंगे। इसके बाद नियमित त्रिकाल पूजा आरंभ होगी, जिसके चलते सामान्य दर्शन पुन: शुक्रवार रात्रि आठ बजे तक लगातार खुले रहेंगे। श्री एकलिंगजी ट्रस्ट की तरह से सभी श्रद्धालुओं से अपील की जाती है कि वे आज सुबह की बजाय आज रात से शुक्रवार दोपहर तक शिवरात्रि के दर्शनों का लाभ लेंवे।
दर्शन का समय:
आज शाम पांच से 7.30 बजे तक, महाशिवरात्रि पूजन (चार प्रहर): रात 10 से प्रथम प्रहर की सेवा प्रारंभ होगी। महाशिवरात्रि की पूजा एवं दर्शन गुरुवार रात 10 बजे से शुक्रवार सुबह 11.30 बजे तक श्री एकलिंगजी मंदिर के पाट निरंतर खुले रहेेंगे।

मुख्यमंत्री का उदयपुर हवाई अड्डे पर भव्य स्वागत
उदयपुर। मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे के मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार उदयपुर पहुंचने पर महाराणा प्रताप हवाई अड्डे पर वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों एवं आला अधिकारियों ने भव्य स्वागत किया।
राजे बुधवार शाम 6.30 बजे हेलीकॉप्टर से उदयपुर के महाराणा प्रताप हवाई अड्डा पहुंचीं जहॉ ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री गुलाबचन्द कटारिया, विधायकों में श्रीमती किरण माहेश्वरी (राजसमन्द), प्रताप भील (गोगुन्दा), दलीचन्द डांगी (मावली), फूलसिंह मीणा (उदयपुर ग्रामीण), सुरेन्द्र सिह राठौ$ड (कुंभलग$ढ), कल्याण सिंह (नाथद्वारा), पूर्व विधानसभा अध्यक्ष शांतिलाल चपलोत, महापौर श्रीमती रजनी डांगी, मोहन लाल सुखाडिया विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.आई.वी. त्रिवेदी, राजीव गांधी जनजाति विश्वविद्यालय के कुलपति टी.सी.डामोर, महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति ओ.पी.गिल, समाजसेवी प्रमोद सामर, पूर्व विधायक वन्दना मीणा, संभागीय आयुक्त वैभव गालरिया, जिला कलक्टर आशुतोष ए.टी.पेडणेकर, पुलिस महानिरीक्षक जी.एन.पुरोहित, जिला पुलिस अधीक्षक अजयपाल लाम्बा आदि ने स्वागत किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने उदयपुर में एक शादी समारोह में भाग लिया। मुख्यमंत्री का दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन गुरुवार को शहर में विभिन्न उद्घाटन समारोह में भाग लेकर सायं जयपुर प्रस्थान करने का कार्यक्रम है।



