उदयपुर, केन्द्रीय आवासन एवं शहरी गरीबी उपशमन मंत्री एवं चित्तौडगढ सांसद डॉ. गिरिजा व्यास 16 फरवरी को मावली में मावली-बडी सादडी रेल खंड के गेज परिवर्तन की आधारशिला रखेंगी।
रेलवे बोर्ड के एक्जीक्युटिव डायरेक्टर (वक्र्स) वेद प्रकाश डोडेजा ने उत्तर पश्चिमी रेलवे के महाप्रबंधक को प्रस्तावित कार्यक्रम की पूर्व तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं। इस कार्यक्रम के लिए रेल मंत्री ने स्वीकृति प्रदान कर दी है।
डॉ. गिरिजा 16 को मावली-बडी सादडी गेज परिवर्तन का शिलान्यास करेंगी
यूआईटी परिसर से “दलाल” बाहर
उदयपुर। यूआईटी ने सख्ती दिखाते हुए सोमवार से अपने विभिन्न प्रकोष्ठों में अवैध रूप से काम करने वाले दलालों व अघोषित कर्मचारियों को परिसर से बाहर करवा दिया है। मंगलवार को इस बात का पता तब चला जब होमगार्ड के जवान मुख्य द्वार पर दलालों और इन अघोषित कर्मचारियों के नामों की सूची लेकर बैठ गए और उन्हें बाहर ही रोक दिया। इस पर दलालों ने नाराजगी जताई। उन्होंने यूआईटी सचिव आर.पी. शर्मा को कहा कि उनके नाम किसने दिए और उन्हें भीतर क्यों नहीं आने दिया जा रहा है।
यूआईटी ने नियमन शाखा में कार्यरत एक बिल्डर के डमी आदिवासी युवक भग्गा भील को बाहर किया तो नक्शा घर में काम करने वाली एक युवती को भी बाहर का रास्ता दिखा दिया। इस युवती के लिए नक्शाघर के भीतरी कमरे में अलग से टेबल-कुर्सी थी और लम्बे समय से वहां आने-वाले आम आदमी उसे यहीं का कार्मिक मानने लगे थे। इसी तरह, विभिन्न संस्थाओं और लोगों को जमीन आवंटन, 90-ए, नक्शा स्वीकृति, भू-उपयोग परिवर्तन आदि के कार्यो के लिए फाइलें लेकर घूमने वाले दलालों पर भी नकेल कस दी गई है। यूआईटी के उच्चाधिकारियों को शहर के सुधिजनों की ओर से वहां चल रही धांधलेबाजी, कमीशनखोरी, रिश्वतखोली, दलाली, फाइलों में जानबूझ कर की जाने वाली देरी लेकर शिकायतें की गई थीं। उल्लेखनीय है कि इस निर्णय से पूर्व यूआईटी परिसर में बाहरी लोगों की गाडियों की पार्किग निषेध की जा चुकी है
उदयपुर में बजरी 490 रूपए टन
उदयपुर। राज्य सरकार के आदेशानुसार मंगलवार रात उदयपुर में भी बजरी की दर तय कर 490 रूपए प्रति टन रखी गई है। यह अन्य जिलों से अपेक्षाकृत अधिक है। जिला कलक्टर आशुतोष एटी ने रात को खान, परिवहन विभाग, ट्रांसपोर्टर आदि की संयुक्त बैठक में दरें तय की। इसके लिए चित्तौड़गढ़ व राजसमंद जिले की दरों को भी आधार बनाया गया क्योंकि उदयपुर जिले में एक भी लीजधारक नहीं है। इस कारण यहां पिण्डवाड़ा, नाथद्वारा, राजसमंद, राशमी (चित्तौड़गढ़) तथा हमीरगढ़(भीलवाड़ा) से रेत पहुंच रही है।
गौरतलब है कि अक्टूबर में रोक से पहले तक शहर में 320 से 400 रूपए प्रति टन रेत आसानी से उपलब्ध थी।
इधर, विभागीय सूत्रों के मुताबिक उदयपुर के अलावा प्रतापगढ़, करौली और सवाई माधोपुर जिले में बजरी की दरें अक्टूबर की दरों के मुकाबले 40 से 50 रूपए प्रतिटन अधिक रखी गई हैं।
हिन्दुस्तान जिंक अपनायेगा उदयपुर जिले के 40 सरकारी विद्यालयों को
अब तक भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ एवं राजसमन्द जिलों के 112 विद्यालयों को अपनाया
उदयपुर। राजस्थान सरकार के साथ मिलकर हिन्दुस्तान जिंक ने उदयपुर जिले के जावर, मटून, देबारी ज़िंक स्मेल्टर एवं उदयपुर सिटी के 40 विद्यालयों को अपनायेगा तथा इन सभी विद्यालयों का कायाकल्प होगा जिसमें आधारभूत बदलाव भी शामिल है।
इन 112 ग्रामीण सरकारी विद्यालयों में, 72 भीलवाड़ा से, 20 चित्तौडगढ़ तथा 20 राजसमन्द से शामिल हैं। भिलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ तथा राजसमन्द जिले के 112 विद्यालयों में कार्य प्रगति पर है तथा उदयपुर जिले में 40 सरकारी विद्यालयों के कायाकल्प के लिए अनुबंध पर आज हस्ताक्षर किये जाएंगे।
यह कार्य पब्लिक-प्राईवेट पार्टनरषिप मॉडल के तहत पूरा किया जाएगा जिसमें बाऊण्ड्री वॉल का निर्माण, अतिरिक्त कक्षा-कक्षों का निर्माण, हैण्ड पम्प, शोचालयों का निर्माण, डेजर्ट कूलर, एग्जास्ट एवं सीलिंग पंखे तथा फर्नीचर, विद्यार्थियों के लिए स्कॉलरषिप एवं पुरस्कार, पौधारोपण, खेल के लिए प्ले ग्राऊण्ड का निर्माण, स्वच्छ पानी के लिए अतिरिक्त वाटर कनक्षन तथा भवनों, फर्नीचर तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं की देख-भाल एवं रख-रखाव आदि सम्मिलित है।
इस कार्य को समय अनुसार पूरा करने के लिए एक समिति का गठन किया जायेगा जिसमें हिन्दुस्तान जिंक संबंधित विद्यालय से तथा प्रभारी जिला कलेक्टर की ओर से नियुक्त किया गया है। हिन्दुस्तान जिंक आवष्यकतानुसार कार्य के लिए प्रतिवर्ष सीधा बजट उपलब्ध करायेगा।
ज्ञातव्य रहे कि उदयपुर जिले के तीन पंचायत क्षेत्रों में भी चयनित विद्यालयों का कायकल्प करने की दिषा में हिन्दुस्तान जिंक एवं जिला परिषद के बीच अनुबंध पत्र पर 12 फरवरी, 2014 को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में सुबह 11ः 00 बजे हस्ताक्षर किये जाएंगे। जिला कलेक्टर कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में हिन्दुस्तान जिंक की ईकाइयों जावार, देबारी एवं मटून के ईकाइ प्रधान एवं जिं़क के सी.एस.आर. अधिकारी तथा जिला प्रषासन की ओर से जिला कलक्टर, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी तथा प्रषासनिक अधिकारी अनुबंध पत्र पर हस्ताक्षर के समय उपस्थित रहेंगे। उल्लेखनीय है कि इन 40 विद्यालयो में देबारी पंचायत के 10 विद्यालय, जावर पंचायत के 12 विद्यालय, मटून पंचायत के 8 तथा उदयपुर सिटी के 10 विद्यालयों का चयन किया गया है जिसमें 9 बालिका विद्यालय भी सम्मिलित है।
हिन्दुस्तान जिंक के एसोसिएट वाइस प्रेसीडेन्ट एवं हेड – कार्पोरेट कम्यूनिकेषन, पवन कौषिक ने बताया कि इन 40 विद्यालयों में आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हिन्दुस्तान जिंक खर्च वहन करेगा। उदयपुर जिले में यह कार्य तीन वर्ष में पूरा किया जाएगा। इन सुविधाओं से विद्यार्थी अध्ययन प्राप्त कर षैक्षणिक क्षेत्र में समाज की मुख्य धारा से जुडकर नई उपलब्धियों को हांसिल कर सकेंगे।
हिन्दुस्तान जिं़क भारत का एकमात्र एवं विष्व का सबसे बड़ा एकीकृत जस्ता उत्पादक है तथा केन्द्र एवं राजस्थान सरकार के सहयोग से अनेकों सामाजिक कल्याण कार्यक्रमों द्वारा गांवों में उन्नति एवं विकास ला रहा है ।
बैंककर्मी आज भी हड़ताल पर: दसवां वेतन समझौता लागू करने के लिए आज भी आंदोलन
उदयपुर. दसवां वेतन समझौता लागू कराने के लिए सोमवार को संभाग में बैंक बंद रहे। मंगलवार को भी बंद रहेंगे। हड़ताल के कारण विभिन्न बैंकों के एटीएम से दोगुना गुना ज्यादा राशि निकाली गई। बैंक अधिकारियों का कहना है कि हड़ताल के मद्देनजर रविवार शाम को ही सभी एटीएम फुल कर दिए गए थे, लेकिन जो भी एटीएम खाली होंगे, उनमें अब बुधवार को ही राशि रखी जा सकेगी। कुछ एटीएम में सोमवार को ही राशि खाली हो गई।
हड़ताल के आह्वान के तहत कर्मचारियों ने सुबह बैंकों के ताले नहीं खुलने दिए जो बैंक खुले थे, उन्हें भी बंद करवा दिया गया। क्लियरिंग हाउस बंद रहने से 70 करोड़ के 7 हजार चेक व डीडी अटक गए। लेन-देन नहीं होने से लोगों को काफी परेशानी हुई, लेकिन एटीएम पर कतारें लगी रही। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के आह्वान पर सोमवार को बैंक यूनियन के पदाधिकारियों के नेतृत्व में सुबह 9 बजे से निजी व सरकारी क्षेत्र के बैंक बंद कराए गए। इसकी शुरुआत दुर्गा नर्सरी स्थित एचडीएफसी क्लियरिंग हाउस से की। इसके बाद शहरभर में बैंक बंद कराकर सभी बैंककर्मी सुबह 11 बजे बैंक तिराहे पर एकत्र हुए।
उपभोक्ता इंतजार करते रहे बैंक खुलने का
बैंक हड़ताल के कारण कई उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह अपनी दिनचर्या के अनुसार ग्राहक बैंकों में पहुंचे और वहां पता चला कि बैंक में हड़ताल है तो उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। कुछ लोग पूछते रहे कि फिर कब खुलेंगे बैंक? वहीं बैंकों में हड़ताल होने से एटीएम से नकद निकालने वालों की भीड़ रही।
किशनपोल में कहासुनी के बाद चली गोली
उदयपुर. सूरजपोल थाना क्षेत्र में गोसिया कॉलोनी (किशनपाल) में सोमवार शाम गाड़ी निकालने को लेकर हुए विवाद के चलते युवक ने पड़ोसी को गोली मार कर घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी युवक साथियों सहित मौके से फरार हो गया। हमले में गोसिया कॉलोनी इकबाल उर्फ कालू पुत्र मंजू राही घायल हुआ है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के साथी मोगली को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि सलाम और उसके भाई सईद व बाबू पुत्र लाला की तलाश की जा रही है।
घायल कालू ने पुलिस को बताया कि वह घर के नीचे खड़ा था। पास ही उसका भाई वसीम था।
घर के पीछे रहने वाले युवक सलाम की वसीम से गाड़ी निकालने को लेकर कहासुनी हो गई। इस पर सलाम अपने भाइयों और साथी के साथ वसीम को मारने के लिए घर के बाहर आया। वसीम पर उसने हमला करना चाहा तो इकबाल बीच में आ गया और सलाम के पीछे भागा। इस पर सलाम ने पिस्टल चला दी। गोली इकबाल के पीठ पर लगते हुए पास खड़ी कार में लगी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इकबाल को उसके परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे।
सेट्रंल जेल में कैंसर से किन्नर बंदी की मौत
उदयपुर – सेंट्रल जेल में सोमवार को कैंसर से किन्नर बंदी की मौत हो गई। उसे आजीवन कारावास हुआ था। परिजनों द्वारा शव लेने से इनकार पर पोस्टमार्टम के बाद जेल अधिकारियों ने सामाजिक संस्था के सहयोग से अंतिम संस्कार कराया। जेलर पृथ्वी सिंह ने बताया कि वगतपुरा, कुंवारिया थाना, राजसमंद निवासी रोशनलाल पुत्र वरधा गाडरी 2006 से सेंट्रल जेल में था। कैंसर डिटेक्ट होने पर इसका इलाज चल रहा था। गत दिनों तबियत खराब होने पर 7 फरवरी को इसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गौरतलब है कि कुंवारिया थाना पुलिस को 29 अगस्त 2005 में गांव की गोटी बाई शव खेत में शव मिला था। पुलिस ने तफ्तीश कर गांव के ही रोशनलाल को हत्या और लूट के मामले में गिरफ्तार किया था। रोशनलाल किन्नर था। इसके अत्यधिक धूम्रपान करने के कारण इसे गले का कैंसर हो गया था। गत वर्ष इसको जेल में ही कैंसर डिटेक्ट हुआ था। तब से इसके इलाज में इसे कई थैरेपी दी गईं, लेकिन यह सही नहीं हुआ।
पांच करोड़ के 15 प्लॉट के कब्जों पर चला बुलडोजर
उदयपुर. यूआईटी के अतिक्रमण निरोधी दल ने सोमवार को श्याम नगर, भुवाणा में बड़ी कार्रवाई करते हुए यूआईटी स्कीम में आ रहे 15 प्लॉट कब्जा मुक्त करवा लिए। यूआईटी चेयरमैन आशुतोष पेडणेकर के निर्देश पर यूआईटी दल सोमवार सुबह श्याम नगर बी ब्लॉक पहुंचा। यहां यूआईटी की स्कीम में आ रही जमीन पर भू माफियाओं ने कब्जे कर पक्के निर्माण करवा लिए थे। कुछ लोगों ने तो पक्के कमरे व उसके चारों तरफ बांउड्रीवाल भी बना दी। तहसीलदार अर्जुन दान देथा के नेतृत्व में यूआईटी दल ने एक के बाद एक कार्रवाई करते हुए बुलडोजर से ऐसे निर्माण ध्वस्त कर 15 प्लॉट कब्जा मुक्त करवा लिए। यूआईटी के अधिकारियों का मानना है कि सोमवार को जो प्लॉट कब्जा मुक्त करवाए गए, उनकी बाजार दर करीब पांच करोड़ रुपए है।
गौरतलब है कि कलेक्टर व यूआईटी चेयरमैन के निर्देश पर हाल ही में चित्रकूट नगर व श्याम नगर क्षेत्र में ड्रोन उड़ाकर ऊंचाई से क्षेत्र की तस्वीर कैमरे में कैद की गई। इसके पीछे मकसद यह जानना था कि कहां-कहां लोगों ने सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर रखे हैं। प्रशासन अब इन तस्वीरों के आधार पर अतिक्रमण चिन्हित कर अगली कार्रवाई की तैयारी भी कर रहा है।
शोभागपुरा सर्कल की सीमा से भी हटाया निर्माण
यूआईटी दल ने शोभागपुरा सर्कल की सीमा में आ रहा एक निर्माण भी ध्वस्त कर दिया। तहसीलदार ने बताया कि एक व्यक्ति ने यहां सर्कल की गोलाई में आ रही जमीन पर पक्की बाउंड्रीवाल बनाकर फाटक लगा दी थी। इस निर्माण को रोकने यूआईटी ने निर्माणकर्ता को पहले नोटिस भी दिया। उसके बावजूद उसने काम जारी रखा। इसको बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। इस सर्कल को अब व्यवस्थित किया जा सकेगा।
मावली में पटरी से उतरा मारवाह ट्रेन का इंजन, पांच घंटे बाद ट्रैक पर लाया गया
udaipur मावली. रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह शंटिंग के दौरान मारवाड़ से आई ट्रेन का इंजन पटरी से उतर गया। पांच घंटे मशक्कत और छह हाइड्रोलिक जैक से इंजन पटरी पर चढ़ाया गया। मारवाड़ ट्रेन सुबह 11.55 पर शंटिंग लोको से एक डिब्बा छोड़कर चल रहा था। रूट रिलीज होने पर इंजन पटरी से उतर गया। सूचना पर सीपीडब्ल्यूआई, टीआई, आरपीएफ व कर्मचारी दौड़ पड़े। शंटिंग मारवाड़ इंजन के ड्राइवर भूपेंद्र, पाइस मैन जगन्नाथ कर रहे थे। इंजन को पटरी पर चढ़ाने के लिए छह हाइड्रोलिक जैक मंगवाए।
कर्मचारियों ने इंजन का आगे का हिस्सा खोलकर जैक लगाया और पांच घंटे की मशक्कत के बाद फिर से पटरी पर चढ़ाया गया। अधिकारियों ने बताया कि रेलवे को करीब डेढ़ लाख का नुकसान हुआ। इस दौरान रेलवे के क्षेत्रीय अधिकारी हरफूल सिंह चौधरी, यातायात निरीक्षक सुगनचंद वर्मा, सहायक सचेत निरीक्षक, सहायक मेडिकल इंजीनियर डामोर आदि अधिकारी मौके पर पहुंचे और जानकारी ली ।
कप्तान धोनी फिक्सिंग पर “पर्दा डालने” मे शामिल : मोदी
Udaipur . आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग और अवैध सट्टेबाजी के मामले की जांच करने वाले जस्टिस मुकुल मुद्गल की रिपोर्ट आने के बाद आईपीएल के पूर्व कमिशनर ने टीम इंडिया के कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी पर निशाना साधते हुए कहा कि आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की भी कप्तानी करने वाले धोनी ने फिक्सिंग पर पर्दा डालने का काम किया।
लंदन से एक समाचार चैनल को दिए साक्षातकार में मोदी ने कहा कि धोनी भी इस मामले पर पर्दा डालने में शामिल हैं। गौरतलब है कि धोनी ने पहले कहा था कि सीएसके के मामलो में मयप्पन की कोई दखल अंदाजी नहीं हैं।
धोनी पर मामले में पर्दा डालने का आरोप के साथ ही मोदी ने कहा कि बोर्ड ऑफ कंट्रोल फॉर क्रिकेट इन इंडिया (बीसीसीआई) अध्यक्ष एन श्रीनिवासन पर आजीवन प्रतिबंध लगना चाहिए। साथ ही, आईपीएल से सीएसके को बाहर कर देना चाहिए।
मोदी ने कहा कि श्रीनिवासन ने क्रिकेट को बदनाम कर दिया है इसलिए उनपर किसी भी खेल में प्रवेश पर बैन लगा दिया जाना चाहिए। अब वक्त आ गया है कि ऎसे व्यक्ति को बीसीसीआई से हटा देना चाहिए।
गौरतलब है कि जस्टिस मुकुल मुद्गल ने आईपीएल के छठे संस्करण में मैच फिक्सिंग को लेकर सोमवार को अपनी रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट को सौंप दी। रिपोर्ट में बीसीसीआई के चीफ एन.श्रीनिवासन के दामाद गुरूनाथ मयप्पन को सट्टेबाजी का दोषी करार दिया गया है। पिछले साल आईपीएल में कथित सट्टेबाजी की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट ने समिति गठित की थी। रिपोर्ट में कहा गया है कि राजस्थान रॉयल्स के सह मालिक राज कुंद्रा और शिल्पा शेट्टी पर लगे सट्टेबाजी और स्पॉट फिक्सिंग के आरोपों की जांच होनी चाहिए।
रिपोर्ट में कहा गया है कि श्रीनिवासन का बीसीसीआई प्रमुख के पद पर रहना और आईपीएल फ्रेंचाइजी का मालिकाना हक हितों के टकराव का गंभीर मामला है। इस पर कोर्ट को ध्यान देना चाहिए। सूत्रों के मुताबिक बीसीसीआई और इंडिया सीमेंट्स को मामले पर जवाब देने को कहा गया है। समिति का कहना है कि मयप्पन चेन्नई सुपर किंग्स का चेहरा था। इसका मतलब है कि समिति श्रीनिवासन के इस दावे को खारिज कर दिया है कि मयप्पन उत्साहित क्रिकेट प्रेमी था।
जस्टिस मुद्गल ने एक समाचार चैनल से बातचीत में कहा,हमें उम्मीद है कि हमारी कुछ सिफारिशें सुप्रीम कोर्ट ने स्वीकार की है। सुप्रीम कोर्ट ने बीसीसीआई से कहा है कि कुछ सिफारिशों को स्वीकार किया जाना चाहिए। मुद्गल समिति पिछले साल गठित की गई थी। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने दो सदस्यीय जांत समिति के फैसले के खिलाफ याचिका दाखिल की थी। बीसीसीआई ने मद्रास हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश टी.जयराम चौटा और आर बालसुब्रमण्यम को समिति में शामिल किया था।
मुद्गल समिति ने चार महीने में देश भर का दौरा किया। समिति ने खिलाडियों,पत्रकारों, टीम मालिकों,भ्रष्टाचार निरोधी यूनिट के सदस्यों और अन्य शेयर होल्डर से बात की। जस्टिस मुद्गल ने बताया कि हमने सचिन तेंदुलकर,राहुल द्रविड़,अनिल कुंबले,सौरव गांगुली और अन्य से भी बात की। हमें जो भी सूचना मिली थी उसे हमने रिकॉर्ड किया।


