उदयपुर। नगर विकास प्रन्यास ने shahar के मीरा नगर में गुपचुप तरीके से रसूख दार लोगों को करोड़ों के प्लाट बिना नीलामी के आवंटित कर दिए।और भ्रष्टाचार की आशंका के चलते वहां के नक़्शे तक में परिवर्तन करदिया गया।
गुपचुप तरीके से आवंटित हुए भूखंड भुवाणा क्षत्र में मीरानगर के ये भूखंड सी-१ और सी-१९ है । इस बाबत मीरा नगर (सी ब्लॉक) विकास समिति ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, सांसद रघुवीर मीणा, जिला कलेक्टर आशुतोष, पुलिस महानिरीक्षक भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो तथा अजा-जजा आयोग, नई दिल्ली को शिकायत की है। २२ लोगों के हस्ताक्षरित ज्ञापन में कॉलोनी वासियों ने बताया है कि यूआईटी के नक्शे में दर्शाई गई आम सड़क पर भी अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य किया जा रहा है, जिससे आवागमन अवरूद्ध हो गया है।
ज्ञापन के अनुसार सौ फीट रोड से जुडऩे वाली नौ मीटर रोड के पास प्लाट संख्या सी-१३ से सी १८ तक और सी-३, सी-२, सी-३९, सी-११७, सी-१२५, सी-११६, सी-११५ आदि प्लाट अजा-जजा के बुद्धिजीवियों को आबंटित है। इस प्रकार अजा-जजा के आवासों के मार्ग रोकना अजा-जजा अत्याचार निवारण अधिनियम -१९८९ की धारा तीन के तहत दंडनीय अपराध है। अत: कार्रवाई की जावे तथा प्लाट-१ व १९ की खुली नीलामी की जावे।
रसूखदारों को UIT ने गुपचुप तरीके से करोड़ों के भूखंडों का आवंटन किया
पीछोला में मिली लाश

उदयपुर। पीछोला झील में आज दोपहर एक तैरती हुई लाश नजर आई है। सूचना मिलने पर घंटाघर पुलिस मौके पर पहुंची, जो लाश को निकालने का प्रयास कर रही है। समाचार लिखे जाने तक लाश झील से बाहर नहीं निकाली जा सकी। सूत्रों के अनुसार आज सुबह लोगों ने पीछोला झील मेें एक लाश को पानी के ऊपर तैरते देखा। उसके बाद लोगों का पाल पर जमावड़ा शुरू हो गया। इसकी सूचना घंटाघर पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गोताखोरों को बुलाया, जो नाव की सहायता से लाश को बाहर निकालने का प्रयास कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि लाश तीन-चार दिन पुरानी है।
संपति विवाद को लेकर हुई हत्या
उदयपुर। बेकनी पुलिया के पास मेघवाल कॉलोनी में सोमवार शाम को एक वृद्धा की हत्या संपत्ति विवाद को लेकर की गई। आज सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
प्रतापनगर थाना अधिकारी लाभुराम ने बताया कि यूनिवर्सिटी रोड पर बेकनी पुलिया के पास मेघवाल कॉलोनी निवासी मोड़ी बाई (75) पत्नी कालूजी मेघवाल की किसी जानकार ने ही हत्या की है, जिसकी जांच की जा रही है। वृद्धा की लाश से जेवर व मकान से संपत्ति के कागजात गायब है। इस कारण यह संदेह जताया जा रहा है कि किसी जानकार द्वारा संपत्ति विवाद को लेकर मोड़ी बाई की हत्या की गई है। आज सुबह एमबी अस्पताल के मुर्दाघर में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने साकरियाखेड़ी निवासी कुबेर पुत्र चेना जी मेघवाल की रिपोर्ट पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पांच साल पूर्व हुई पति की मौत: बताया जा रहा है कि पांच साल पहले मोड़ी बाई के पति की मौत हो गई थी। इसके बाद वह घर पर अकेली रहती थी। जानकारी के अनुसार मृतका के कोई संतान भी नहीं हैं। मकान में एक कमरा झाड़ोल निवासी तेजमल पुत्र कमजी मीणा को किराए पर दे रखा है। शाम को काम से लौटने के बाद उसने ही शव को सबसे पहले देखा था।
बजरी का काला कारोबार शुरू
उदयपुर। प्रतापनगर चौराहे के निकट रेती-बजरी का काला-कारोबार सुबह से ही शुरू हो गया। भुवाणा बाइपास पर ३२०० टन के १६२ ट्रक तथा ४०० टन के ४५ टै्रक्टर खड़े पाए गए। ये वाहन रात १२ बजे से पहले रॉयल्टी नाकों से क्रपासञ्ज होने वाले बताए जा रहे हैं। रात्रि को १२ बजे सभी रॉयल्टी नाके बंद करवा दिए गए थे। बाजार में मौजूद माल की दर छह सौ रुपए प्रतिटन की बजाय १३ सौ रुपए प्रति टन वसूल की जा रही है, जो ट्रक १२-१३ हजार में मिल रहा था, वह अब २५ हजार से ऊपर चला गया है। यह ब्लैक मार्केटिंग अधिकारियों के संरक्षण में चल रही है। बताया गया है कि रेती बजरी की जमाखोरी भी की जा रही है, ताकि महीने भर बाद मिली हाईकोर्ट की पेशी २६ नवंबर तक जमकर ब्लैक मॉर्केटिंग की जा सके।
मेल नर्स के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला
उदयपुर। महाराणा भूपाल राजकीय सार्वजनिक चिकित्सालय में कार्यरत मेल नर्स रमेश पुरोहित के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करने के आदेश अदालत ने हाथीपोल थाना पुलिस को दिए है। एसीजेएम कनिष्ठ शहर उत्तर ने कर्मचारी नेता सत्यवीर सिंह तंवर की एफआईआर दर्ज करके धारा ४२०,४०६,४६७,४६८,४७१,३८४/३४ तथा १२० बी के तहत तफ्तीस करने के आदेश दिए है। श्री तंवर के एडवोकेट संजय शाह ने बताया कि वादी के अनुसार रमेश पुरोहित ने दस्तावेजो में हेराफे री करके गलत जन्मतिथि के आधार पर सालभर ज्यादा नौकरी करके सरकार से धोखाधड़ी की है। श्री पुरोहित ३१ अक्टूबर को रिटायर होने वाले हैं।
पॉवर हाउस तिराहे पर फिर हादसा
udaipur. देबारी में पावर हाउस तिराहे पर आज सुबह फिर हादसा हो गया। एक ट्रेलर ने दो बाइक को चपेट में ले लिया, जिससे एक बाइक पर सवार महिला व उसकी बेटी की मौत हो गई, जबकि उसका पति व दूसरी बाइक पर सवार दंपती घायल हो गए। सूचना के बाद भी एक घंटे तक प्रतापनगर पुलिस और १०८ एम्बुलेंस नहीं पहुंची। हादसे के कारण देबारी से डबोक तक करीब चार किलोमीटर लंबा जाम लग गया। डबोक पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो लोगों ने देरी से आने के कारण नाराजगी प्रकट की। बाद में पुलिस जीप में घायलों और टेम्पों में शवों को एमबी अस्पताल पहुंचाया गया।
सूत्रों के अनुसार सेमड़वास (कानोड़) निवासी रोशन लोहार (२५), उसकी पत्नी पूजा (२३) और एक वर्षीय बेटी हिना बाइक से कानोड़ जा रहे थे। इनके साथ दूसरी बाइक पर रोशन का साला शांतिलाल और उसकी पत्नी नीतू थे, जो उनके गांव मेनार जा रहे थे। इसी बीच पावर हाउस तिराहे पर पीछे से ओवरटेक करते हुए आए एक ट्रेलर ने इन दोनों बाइक्स को चपेट में ले लिया। इससे रोशन की पत्नी पूजा और बेटी हिना की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रोशन, शांतिलाल और उसकी पत्नी नीतू घायल हो गए। हादसे के बाद वहां पर भारी भीड़ जमा हो गई।
एक घंटे बाद पहुंची पुलिस : इस हादसे के बाद जब लोगों ने प्रतापनगर पुलिस और १०८ एम्बुलेंस को सूचना दी, लेकिन १०८ एम्बुलेंस तो वहां पहुंची ही नहीं
और प्रतापनगर पुलिस एक घंटे बाद पहुंची। देबारी चौकी पर भी जाब्ता नहीं था। जब पुलिस वहां पहुंची तो लोगों ने नाराजगी प्रकट की। बाद में पुलिस जीप में घायलों को एमबी अस्पताल पहुंचाया, जबकि शवों को टेम्पों में डालकर एमबी अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया।
हादसों का चौराहा
देबारी में पावर हाउस चौराहे पर आए दिन हादसे होते हैं। इस चौराहे पर पहले भी कई लोगों की हादसों में जान जा चुकी है। तकनीकी खामी के कारण चौराहे पर हादसे होते हैं। इस संबंध में क्षेत्रवासियों ने पूर्व में प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपे, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं।
डॉ. त्रिवेदी को अंतर्राष्ट्रीय सम्मान
उदयपुर। सुखाडिय़ा विश्वविद्यालय के इतिहास में पहली बार वाइस चांसलर प्रो. आईवी को अंतर्राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुआ है। उन्हें साउथ एशियन वाइस चांसलर फोरम का कोर्डिनेटर चुना गया है। सार्क देशों की यह फोरम भारत, पाकिस्तान, अफगानिस्तान, नेपाल, भूटान, बर्मा, बांग्लादेश और श्रीलंका के विश्वविद्यालयों में समान शिक्षा का नया आयाम खोलेगी। फोरम ने ऐसे पांच पाठ्यक्रमों की रूपरेखा भी तैयार कर ली है। इस प्रकार डॉ. त्रिवेदी की पहल से दक्षिण एशिया में आने वाले दो वर्षों में शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन की शुरुआत हो गई है। फोरम का सचिवालय दो साल तक उदयपुर में रहेगा।
आपसी रंजिश के चलते हुई थी चाकूबाजी

उदयपुर। सुखेर क्षेत्र में बीती रात हुई वारदात में दो गुटों की आपसी रंजिश की बात सामने आई है। पुलिस ने अभी तक इस मामले में पीडि़त से किसी प्रकार का कोई भी बयान नहीं लिया हैं। जानकारी के अनुसार वारदात के समय एक युवक पेट्रोल पंप पर खाना खा रहा था। उसी दौरान चार युवक वहां आए, जिन्होंने उस पर चाकू से हमला कर दिया। हालांकि पुलिस ने इस मामले में अब तक किसी को नामजद नहीं किया है। गौरतलब हैं कि सुखेर स्थित देवपुरा फीलिंग स्टेशन पर गुरुवार साढ़े ११ बजे भीलवाड़ा हाल हवा मगरी निवासी महावीर पुत्र बरदू कीर और शौकीन पुत्र मदन कीर रात को ड्यूटी कर रहे थे। उसी दौरान दो बाइक पर सवार होकर चार युवक पेट्रोल भरवाने के लिए आए, जहां पर चारों युवकों ने एक बाइक में सौ रुपए का तेल भरवाया। तेल भरते समय वहीं खड़े एक कर्मचारी से बाइक सवार युवक की कहासुनी हो गई। इस पर बाइक सवार ने महावीर के पेट व पीठ में चाकू से वार कर दिए। उसी दौरान पास में खड़े शौकिन ने बचाव किया, तो उस को भी चाकू मारे गए। बाद में सभी आरोपी वहां से फरार हो गए। इस पर एक युवक ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल ही दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया।
जोगिंग करते गई जान
उदयपुर। एमबी कॉलेज के ग्राउंड पर आज सुबह जोगिंग करते समय एक व्यक्ति की हार्टअटैक से मौत हो गई। इसकी सूचना कॉलेज के खेल प्रभारी ने पुलिस को दी, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को एमबी अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस के अनुसार एमबी कॉलेज के खेल प्रभारी और हॉस्टल वार्डन डीएस चौहान ने सूचना दी कि कॉलेज के ए ग्राउंड पर एक व्यक्ति का शव पड़ा है। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब ४५ वर्ष है। उसने आसमानी टीशर्ट, ब्राउन लोअर और सैंडल पहन रखे हैं। बताया जा रहा है कि यह व्यक्ति रोजाना जोगिंग के लिए आता है, लेकिन इसकी किसी से जान पहचान नहीं है। पुलिस मृतक की शिनाख्त के प्रयास कर रही है।
तैयबियाह स्कूल बेचान मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग
उदयपुर। तैयबियाह स्कूल की जमीन के अवैध बेचान के मामले में बोहरा समाज के यूथ गुट ने एएसपी सिटी लक्ष्मणरॉय राठौड़ को ज्ञापन सौंपकर समाज के नेताओं, अधिकारियों और वक्फ बोर्ड के सदस्यों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करके की मांग की है। यूथ गुट के युसूफ अली ने बताया कि समाज के तथाकथित नेताओं, रजिस्ट्रार ऑफिस के अधिकारियों और वक्फ बोर्ड के सदस्यों ने इस समाज की सार्वजनिक संपत्ति का अवैध रूप से बेचान किया है। यह संपत्ति महाराणा ने बोहरा समाज को बालिका शिक्षा के लिए दी थी। समाज को दिए गए पट्टे में यह शर्त भी अंकित है कि इस जमीन का बेचान नहीं हो सकता है। एएसपी सिटी को सौंपे ज्ञापन में यूथ गुट ने आरोप लगाया कि इस अवैध जमीन बेचान में शबाब गुट के नेता, रजिस्ट्रार ऑफिस के अधिकारी और वक्फ बोर्ड के सदस्यों की मिलीभगत है। यूथ गुट ने इन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करके दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में अलताफ हुसैन, असगर हुसैन, रेहाना जर्मनवाला, विजय मेहता, तौफिक हुसैन आदि शामिल थे।


