पुलिस समझाइश के बाद शांत हुए बस्तीवासी, पेट्रोल कम भरने की शिकायत करने वाले युवक से मारपीट का मामला
उदयपुर। रेती स्टैंड चौराहे पर पूर्व विधायक सज्जन कटारा के बेटे विवेक कटारा के पेट्रोल पंप के बाहर आवरी माता कच्ची बस्ती के बाशिंदों ने प्रदर्शन करते हुए विधायक पुत्र का पूतला फूंक दिया। ये लोग बीती रात बस्सी के एक युवक की पेट्रोल पंप कर्मचारियों द्वारा की गई पिटाई से नाराज थे। पिटाई से युवक के दोनों पैर टूट गए हैं और वह अस्पताल में भर्ती है।
आज सुबह करीब पचास से अधिक कच्ची बस्ती के लोग विधायक पुत्र विवेक कटारा के पेट्रोल पंप पर पहुंचे, जहां जोरदार प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की गई। इस दौरान आक्रोशित बस्ती वासियों ने विवेक का पुतला भी फूंका। सूचना मिलने पर एएसपी सिटी और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और बस्सी वासियों से समझाइश की। इसके बाद बस्सी के बाशिंदें वहां से चले गए। उल्लेखनीय है कि आवरी माता कच्ची बस्ती निवासी विजय पुत्र देवीलाल सालवी शाम छह बजे पेट्रोल भरवाने गया था। विजय ने तीस रुपए का पेट्रोल भरवाया। बाइक लेकर वह एक किलोमीटर ही चला होगा कि पेट्रोल खत्म हो गया। इस पर वह वापस पेट्रोल पंप पर पहुंचा और कम पेट्रोल भरने की शिकायत की। इस दौरान कहासुनी के बाद पेट्रोल पंप के मैनेजर और कर्मचारियों ने लोहे के सरियों से युवक की पिटाई की। इससे उसके दोनों पैर टूट गए। इस दौरान पेट्रोल पंप के कर्मचारी वहां से भाग गए। बाद में पुलिस ने युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसको भर्ती किया गया है।

Previous articleतीन चोर गिरफ्तार, 11 वारदाते कबूली
Next articleबाराती तोता !

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here