f85b722a26468b4e7c9e64d300caf910
संभागभर की लोकसभा सीटों के लिए शक्ति प्रदर्शन करते हुए पहुंचे दावेदार, वसुंधरा से मिलने सुबह से जमे पार्टी कार्यकर्ता
उदयपुर। संभागभर के भाजपा के दिग्गज अपनी पूरी शक्ति के साथ महाप्रज्ञ विहार में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से रूबरू होने के लिए सुबह से जमे हुए थे। संभाग की सभी लोकसभा सीटों के लिए टिकट की दावेदारी करने वालों का फीडबैक ले रही वसुंधरा ने आज महाप्रज्ञ विहार में जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ ही दावेदारी रखने वालों की क्लास ली। मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश प्रभारी कप्तानसिंह सोलंकी, राष्ट्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव, प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज मंत्री गुलाबचंद कटारिया, राष्ट्रीय सचिव किरण माहेश्वरी सहित प्रदेश भाजपा के पदाधिकारी मौजूद थे।
समर्थकों के साथ पहुंचे दावेदार: महाप्रज्ञ विहार में सुबह से अपने क्षेत्र की दावेदारी करने वाले नेताओं ने शक्ति प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने लोकसभा चुनाव के पहले फीडबैक लेते हुए स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की रॉयशुमारी की। संभाग के लोकसभा क्षेत्र उदयपुर, राजसमंद, डूंगरपुर-बांसवाड़ा, थे चित्तौडग़ढ़, पाली से दावेदारी रखने वाले जनप्रतिनिधि अपने अपने समर्थकों के साथ जमे हुए थे। महाप्रज्ञ विहार में दोपहर में आई मुख्यमंत्री ने हर क्षेत्र से आए दावेदारों का एक-एक कर फीड बैक लेना शुरू कर दिया है, जो शाम पांच बजे तक चलेगा।
गुटबाजी, शक्ति प्रदर्शन: महाप्रज्ञ विहार में फीड बैक के दौरान छोटे कार्यकर्ताओं से लेकर बड़े-बड़े नेताओं तक में गुटबाजी साफ़ तौर पर देखी जा रही थी। कार्यकत्र्ता और हर क्षेत्र के पदाधिकारी भी गुटों में बंटे हुए थे, उदयपुर-राजसमंद में कटारिया और किरण गुट में आपस में तनातनी साफ देखी गई। हालांकि माना जा रहा है कि कटारिया का पांचो लोकसभा क्षेत्रों में पूरा दखल रहेगा।
कौन-कौन हो सकते हैं लिस्ट में: तीन-तीन नामों वाली लिस्ट में किस-किस कार्यकत्र्ता और पदाधिकारी की लिस्ट में किन दावेदारों के नाम हो सकते है? इसको लेकर असमंजस बना हुआ है। सबसे अधिक दावेदार उदयपुर शहर और चित्तौडग़ढ़ के माने जा रहे हंै। उदयपुर शहर गुलाबचंद कटारिया और किरण गुट में बंटा हुआ दिखा। जनजाति के लिए आरक्षित इस सीट के लिए दावेदारों की सूची सबसे लंबी है, जिसमे झाड़ोल के पूर्व विधायक बाबूलाल खराड़ी, सलूंबर के पूर्व विधायक अर्जुन मीणा, चुन्नी लाल गरासिया, वंदना मीणा के नाम प्रमुख है। संभाग के सबसे अधिक दावदारों के लिए मानी जा रही चित्तौड़ लोकसभा क्षेत्र के दावेदारों ने खासा शक्ति प्रदर्शन बताया। जनरल सीट होने की वजह से वहां दावेदारो की संख्या भी अधिक है और दो विधानसभा क्षेत्र उदयपुर जिले के होने से उदयपुर के दावेदारों की सूची भी लंबी है,
जिसमें प्रमोद सामर, सुशील शर्मा, धर्मनारायण जोशी, मनोहरसिंह कृष्णावत, श्रीचंद कृपलानी, इंदरमल सेठिया, बद्रीलाल जाट, महेश ईनाणी आदि कई नामों की चर्चा है।
राजसमंद के दावेदार भी किरण और कटारिया गुट में बंटे हुए दिखे। माना जा रहा है कि राजसमंद के लिए किरण माहेश्वरी का ज्यादा प्रभाव रहेगा।
डूंगरपुर बांसवाड़ा में कनकमल कटारा, जीवराम कृष्ण कटारा, लक्ष्मी निमामा, दिलीप निमामा के नाम सामने आए है और इनके समर्थक वहां मौजूद थे।
केवल औपचारिकता: महाप्रज्ञ विहार में होने वाले फीड बैक कार्यक्रम को कई भाजपा कार्यकर्ताओं ने सिर्फ एक दिखावा बताया और कार्यकर्ताओं की संतुष्टि के लिए एक औपचारिक ड्रामा बताया। कई पदाधिकारी और कार्यकत्र्ता तो यह कहते देखे गए कि किस को कहां से टिकट मिलना है। यह सब पहले से ही तय है। यह फीड बैक कार्यक्रम सिर्फ माहौल और कार्यकर्ताओं के उत्साह के लिए आयोजित किए जाते हैं।

Previous articleमुख्यमंत्री ने किया विभूति पार्क का लोकार्पण
Next articleभाजपा ने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here