सुराज संकल्प यात्रा की तय्यारियां तेज

उदयपुर. भाजपा की प्रदेशाध्यक्ष वसुंधरा राजे की आगामी 4 अपै्रल से चारभुजा जी से शुरू हो रही सुराज संकल्प यात्रा को लेकर मेवाड़ में राजनीतिक तैयारियां तेज हो गई है।

सुराज संकल्प यात्रा को लेकर भाजपा एससी मोर्चा के देहात जिला व किसान मोर्चा की संभाग स्तरीय बैठकें शुक्रवार को पार्टी कार्यालय पर हुई। एससी मोर्चा की बैठक में प्रदेशाध्यक्ष सतीश चंदेल ने कहा कि सुराज संकल्प यात्रा को सफल बनाने में कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभाए। चंदेल ने कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी भी बांटी।

राजसमंद के पूर्व विधायक बंशीलाल खटीक ने कहा कि सुराज संकल्प यात्रा से भाजपा के पक्ष में माहौल बनेगा और उसी माहौल से हम फिर से सत्ता में आएंगे।

मोर्चा के देहात जिला के महामंत्री पूरण खटीक ने बताया कि बैठक में भाजपा के देहात जिला अध्यक्ष सुन्दरलाल भाणावत, सभापति रजनी डांगी, भाजपा के देहात जिला महामंत्री चन्द्रगुप्त सिंह, एससी मोर्चा के जिलाध्यक्ष भंवरलाल पणगी,एकलिंग लाल,भावेश गोयल, कन्हैयालाल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

किसान मोर्चा की संभाग स्तरीय बैठक: मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष सांवरलाल जाट ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की जिम्मेदारी बांटते हुए कहा कि बूथ स्तर पर कार्यकर्ता सुराज संकल्प यात्रा की तैयारी में जुट जाए।

उन्होंने अब तक हुई तैयारियों की जिलाध्यक्षों और प्रभारियों से जानकारी भी ली। बैठक में मोर्चा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष रणधीर सिंह भींडर, दिनेश माली, पूर्व विधायक गौतमलाल मीणा,उप सभापति महेंद्र सिंह शेखावत भी मौजूद थे।

यात्रा के संयोजक भी मेवाड़ दौरे पर: सुराज संकल्प यात्रा के संयोजक भूपेंद्र सिंह यादव भी शुक्रवार को मेवाड़ दौरे पर रहे। पूर्व विधायक रणधीर सिंह भींडर ने बताया कि सुराज संकल्प यात्रा की तैयारियों को लेकर यादव के साथ पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत और पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह राठौड़ ने यहां पदाधिकारियों से फीड बैक लिया। उसके बाद वे बांसवाड़ा, डूंगरपुर के लिए प्रस्थान कर गए।

 

Previous articleकांग्रेस को किसानों से कोई हमदर्दी नहीं – सांवरलाल जाट
Next articleअश्लील एमएमएस, मोना की शिकायत पर प्रकरण

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here