आईपीएल की तर्ज पर अब होगी एनपीएल लीग टी-१० प्रतियोगिता

चयन १० नवम्बर को

उदयपुर, आईपीएल की तर्ज पर अब नेशनल प्रीमियर लीग टी-१० का आयोजन किया जायेगा। यह स्पर्धा उन क्रिकेट खिलाडियों के लिए एक सुनहरा अवसर है जो क्रिकेट मैदान पर अपना कौशल दिखाना चाहते है लेकिन उन्हें अवसर नहीं मिला।

यह जानकारी प्रतियोगिता संयोजक जुगबीर सिंह गढवाल ने आज यहां आयोजित पत्रकार वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के लिए खिलाडियों के चयन हेतु १० नवम्बर को उदयपुर, अहमदाबाद, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, महाराष्ट्र, कर्नाटक तथा उत्तर प्रदेश चयन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं में चयनित खिलाडियों को विशेष प्रशिक्षण हेतु २० नवम्बर से उदयपुर स्थित शिरकारबाडी क्रिकेट मैदान पर शिविर आयोजित किया जाएगा। यह प्रशिक्षण राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रशिक्षकों द्वारा दिया जाएगा।

प्रशिक्षण के बाद खिलाडियों को बोली के आधार पर १२ टीमों में विभाजित किया जाएगा। इस प्रतियोगिता की विजेता टीम को एक करोड रूपये तथा उपविजेता को ७५ लाख रूपये पुरस्कार राशि के अतिरिक्त खिलाडियों के लिए भी विशेष पुरस्कार होंगे। यह प्रतियोगिता २८ दिसम्बर से ४ जनवरी २०१२ तक हरियाणा के सिरसा शहर में आयोजित होगी।

Previous articleमुस्तेद पुलिस की फैलती सुस्त तोंद
Next articleसेंट्रल जेल में ‘चरस पार्टी’