कांस्टेबल ने विवाहिता को बेहोश किया और बनाया हवस का शिकार!

कोटा. महिला कांस्टेबल से ज्यादती के बाद हत्या से बदनाम हुए जिले के चेचट थाने के सिपाही के खिलाफ फिर ज्यादती का मुकदमा दर्ज हुआ है। कांस्टेबल ने एक विवाहिता को नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ ज्यादती की। महिला ने डीएसपी को इसका परिवाद भेजा तब कहीं जाकर कांस्टेबल के खिलाफ मामला दर्ज हो सका। कार्यवाहक एसपी ने आरोपी कांस्टेबल को निलंबित कर दिया।

कार्यवाहक ग्रामीण एसपी हनुमान प्रसाद मीणा ने बताया कि चेचट थाना क्षेत्र निवासी एक विवाहिता 28 मार्च की सुबह कोटा के कोटड़ी स्थित अपने पीहर जाने के लिए निकली। वह चेचट से जीप में बैठकर कोटा जा रही थी। ढाबादेह पहुंची तो चेचट थाने में तैनात कांस्टेबल झुंझुनूं निवासी अजीत सिंह चौधरी मिला। कांस्टेबल को विवाहिता पहले से जानती थी।

विवाहिता ने बताया कि कांस्टेबल ने उसे कोल्ड ड्रिंक पिलाई। इसके बाद वह अर्धचेतन में हो गई। उसके बाद उसे अगले दिन होश आया तो वह झालावाड़ बस स्टैंड पर थी। विवाहिता का आरोप है कि अजीत सिंह ने उसके साथ ज्यादती की। शनिवार को डीएसपी प्रवीण जैन को परिवाद दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मोड़क थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। महिला का मेडिकल भी कराया गया। कांस्टेबल अजीत चौधरी को निलंबित कर दिया गया है।

Previous articleकवि सम्मेलन में देर रात तक डटे रहे श्रोता
Next articleचोरों से हारी पुलिस