यूको बैंक से ८० हज़ार पार

uko baink
उदयपुर। बैंक तिराहे स्थित यूको बैंक के अंदर आज दोपहर १२ बजे कृषि विभाग के रिटायर्ड अधिकारी के बैग से ८० हजार रुपए पार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर बैंक के सीसीटीवी कैमरे खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस के अनुसार उत्तरी सुंदरवास निवासी कृष्णचंद्र (६०) पुत्र रामचंद्र पुरोहित आज सुबह यूको बैंक में अपने खाते से रुपए निकालने पहुंचे। करीब १२ बजे जब वह ८० हजार रुपए निकालकर बैंक से बाहर निकले, तो उनको बैग हल्का लगा, तो उन्होंने बैग चैक किया। बैग देखकर उनके होश उड़ गए। बैग से ८० हजार रुपए गायब थे। वह तुरंत बैंक में पहुंचे और अधिकारियों से शिकायत की। इस पर सूरजपोल पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने कृष्णचंद्र की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस सीसी टीवी कैमरे खंगाल रही है, ताकि बदमाश का पता लगाया जा सके। समाचार लिखे जाने तक बदमाशों का पता नहीं चल पाया था।

Previous articleविवादों के बाद विद्यापीठ के नए चांसलर की नियुक्ति …
Next articleहिन्दुस्तान जिंक की कायड़ खदान को फीमी एन्वायरमेंट अवार्ड