2194_37उदयपुर. धानमंडी थाने के बाहर शुक्रवार दोपहर उचक्का गुड़ खरीद रही महिला के गले से चेन झपटकर भाग गया। शहर के भीड़भाड़ वाले इलाके में सैकड़ों लोगों के बीच वारदात के बाद बदमाश पास की गली में ओझल हो गया। महिला की इत्तला पर पुलिस ने नाकाबंदी कराई, लेकिन बदमाश हाथ नहीं आया। घटनाक्रम के अनुसार न्यू अहिंसापुरी निवासी सुशीला देवी (52) पत्नी प्रभुलाल जैन अपनी भाभी के साथ धानमंडी सामान खरीदने पहुंची थी। सारी खरीदारी के बाद वह धानमंडी थाने के बाहर स्थित दुकान से गुड़ खरीदकर जैसे ही पीछे मुड़ी, उचक्का गले पर झपट्टा मारकर चेन तोड़ ले गया। वह पैदल था और थाने के सामने से भागते हुए गली में घुस गया। महिला ने शोर मचाते हुए उसका पीछा भी किया, लेकिन उसके गली तक पहुंचने तक उचक्का भीड़ में ओझल हो चुका था। इसके बाद महिला थाने पहुंची और सूचना दी। महिला ने दो तोला वजनी सोने की चेन लूटकर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

कोई हिम्मत करता तो पकड़ा जाता
सुशीला देवी ने बताया कि बदमाश ने जब गले पर झपट्टा मारा तो एकबारगी घबराहट के कारण उनकी आवाज नहीं निकली। अगले ही पल उन्होंने खुद को संभाला और चिल्लाते हुए उसके पीछे भागीं। दुकानदार और पैदल चल रहे लोगों ने भी यह सब देखा, लेकिन बदमाश को पकडऩे या मदद के लिए कोई आगे नहीं आया। जब वह पैदल भाग रहा था, तब भी कोई आगे आकर उसे रोकता तो वह पकड़ में आ सकता था। महिला के बेटे रितेश जैन ने कहा कि जब शहर के व्यस्ततम क्षेत्र और थाने के बाहर भी ऐसी घटनाएं हो सकती हैं तो महिलाएं कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं।

यह था हुलिया
सुशीला देवी ने पुलिस को बताया कि युवक की उम्र करीब 20 वर्ष के करीब थी। उसका रंग गेहुंआ था। उसने हरे रंग की शर्ट पहनी हुई थी और गले में तावीज भी था। पुलिस ने बताया कि महिला की सूचना मिलते ही नाकाबंदी कराई गई, लेकिन उचक्के का पता नहीं चल पाया।

Previous articleकैबिनेट मंत्री कटारिया अस्पताल में भर्ती, अहमदाबाद में हुआ घुटने का प्रत्यारोपण
Next articleअतिक्रमण से सिकुड़ते बाजार
Contributer & Co-Editor at UdaipurPost.com

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here