उदयपुर। सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलते सत्रह जुआरियों को गिरफ्तार कर इनके कब्जे से १ लाख ८ हजार रूपये नकदी व उपकरण जब्त किए।
शहर के हिरणगरी क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलने की मुखबीर से सूचना मिलने पर सोमवारको हिरणमगरी थानाधिकारी व् टीम ने वर्मा कॉलोनी में घैरा डाल कर जुआ खेलते मस्तान बाबा के पिछे निवासी साजीद खां, गोसीया कॉलोनी निवासी अयुबशाह,शब्बीर खां,ईकबालराही, मुर्शीद नगर निवासी इश्तियाक,धोली बावडी निवासी नदीब, धोली बावडी निवासी ईमरान खां,ओसवाल भवन निवासी अमजद अली, धोलीबावडी मेवाड चौक निवासी मुश्ताक खां, किशनपोल गोसिया कॉलोनी निवासी निशार शेख,वर्मा कॉलोनी निवासी अनवर हुसैन,खांजीपीर बीडा निवासी ईमरान खां, किशनपोल निवासी फरीद खां, इमली चौक मुखर्जी चौक निवासी अकबर मेंवफरोश, गुलमोहर चौक धोली बावडी निवासी अब्बास, शहजाद खां, आफताब खां को गिरफ्तार किया। आरोपी अयुब, ईमारन खां, इश्तियाक, अनवर हुसैन हिरणमगरी पुलिस थाने के हिस्ट्रीशीटर है।
जुआरियों पर पुलिस की छापामार कार्रवाई
25 बाइकर्स ने दिया 240 किलोमीटर तक हेलमेट अनिवार्यता का संदेश
उदयपुर। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष में शनिवार को उदयपुर से चित्तौडग़ढ़ तक मोटरसाइकिल रैली का आयोजन किया गया। लीजेंड्री राइडर्स ऑफ सैनिक मेवाड़ (एलआरएसएम 6001) क्लब द्वारा आयोजित रैली ‘राइड्स फॉर विक्ट्री’ का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में हेलमेट अनिवार्यता एवं यातायात नियमों की जागरूकता पैदा करना था। रैली ने आने-जाने में करीबन 240 किलोमीटर का सफर तय किया। इस रैली में द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान सेना की गोपनीय सूचनाओं को आदान-प्रदान करने में मुख्य भूमिका निभाने वाली दो बाईक्स आकर्षण का केन्द्र रही।
एलआरएसएम 6001 क्लब के संयुक्त सचिव जीनू सेमुअल ने बताया कि क्लब तथा जिला क्लब चित्तौडग़ढ़ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित रैली उदयपुर से चित्तौडग़ढ़ स्थित विजय स्तंभ पहुंची। शनिवार को क्लब के रॉयल इनफील्ड बुलेट एवं हार्ले डेविडसन मोटरसाइकिल, अमेरिकन बाईक इंडियन चीफ विंटेज आदि मोटरसाइकिलों पर 25 सवार प्रात: 10 बजे गुलाबबाग मुख्य प्रवेश द्वार से चितौड़ के लिए प्रस्थान किया। एचआरएच ग्रुप ऑफ होटल्स उदयपुर के कार्यकारी निदेशक लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने रैली को झण्डी दिखाकर रवाना किया। रैली में ट्रिप वोयाज आर.ई. एंड इंडिया बुल राइडर्स उदयपुर (आईबीआर उदयपुर) के सात सदस्यों ने भी भाग लिया।
चित्तौडग़ढ़ शहर में जिला क्लब चित्तौड़ के संजय माथुर एवं उनके सदस्यों द्वारा जिला क्लब संस्थान, चित्तौडग़ढ़ के प्रांगण में बाइकर्स का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर पूरे चित्तौडग़ढ़ शहर में होर्डिंग एवं बैनर लागाकर रेैली का स्वागत किया गया। स्वागत समारोह में मुख्य अतिथि लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने कहा कि आज के जमाने में नवयुवक अच्छी कार एवं बाईक्स के शौकीन होते जा रहे हैं। इस उद्देश्य से रैली उनके जान जोखिम को लेकर हेलमेट अनिवार्यता एवं यातायात नियमों की जागरूकता पैदा करना चाह रही है।
FMS में स्वतंत्रता दिवस पर सम्मान
FMS (M.L.S.U.) परिसर में एफएमएस के निदेशक श्री करुणेश सक्सेना द्वारा 69th स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराकर विद्यार्थियों को राष्ट्र के विकास हेतु आगे आने का संकल्प दिलवाया गया | चुनिन्दा विद्यार्थियों ने राष्ट्रीयता की भावना से ओत-प्रोत ओजस्वी विचार प्रकट किये| श्री करुणेश सक्सेना द्वारा ‘अवार्ड ऑफ़ एक्सीलेंस’ से उन विद्यार्थियों का सम्मान किया गया जिन्होंने विगत वर्ष राज्य एवं राष्ट्र स्तर पर विविध प्रतियोगिताओं में विशिष्ट उपलब्धियां हासिल की | सम्मानित विद्यार्थियों में शिवा शर्मा को 13, ज़ीनत, वैशाली, युनुस को 7 , गर्वित, अफरोज़, प्रशांत, त्रिशा को 3, अली, पूजा, शलभ, जयेश, दीपाली को एक-एक पुरस्कार जीतने हेतु अवार्ड ऑफ़ एक्सीलेंस से अभिनन्दन किया गया|
‘उस्ताद’ आबोहवा में घुल कर शांत हो गया – दामिनी के कान का हुआ आपरेशन
उदयपुर । सज्जनगढ़ बायोलोजिकल पार्क में रणथंभौर से शिफ्ट किए गए टाईगर टी-24 (उस्ताद) के पार्क में 90 दिन पूर्ण हो गए है और इस अवधि में उसे इस पार्क की आबोहवा बड़ी रास आ रही है।
मुख्य वन संरक्षक राहुल भटनागर ने बताया कि पार्क में नोन डिस्प्ले क्षेत्र में रखा गया टाईगर टी-24 पिछले 90 दिनों में पूर्णतया स्वस्थ एवं सामान्य दिखाई रहा है। दूसरी ओर बाधिन दामिनी जो कि अपने डिसप्ले क्षेत्र में रहते हुये अक्सर उस्ताद के बाडे के पास आकर नर की टोह लेती हुई नजर आती है। उस्ताद पूरी गर्मी में जब-तब उसके वाटर हॉल के पास पानी से बने पूल में या वाटर हॉल में ही बैठा हुआ नजर आता था। कई बार वह उसके लिये बनायी गयी घास की टपरिया जैसी छाया में भी सोना पसन्द करता है। उन्होंने बताया कि इसे प्रतिदिन जो खाना दिया जाता है उसके बचे हुये अवशेष को अगले दिन रोजाना तोला जाता है ताकि उसके भोजन की स्थिति को मॉनिटर किया जा सके । इन 90 दिनों में उस्ताद ने हमेशा अपना सामान्य खाना लिया, सामान्य ढंग से पानी पीया एवं बाघोचित जल क्रीड़ा, भूमि पर पगथली करना जैसे जैविक व्यवहार प्रदर्शित किए। टाईगर टी-24 के शांत व्यवहार एवं यहां की आबोहवा में घुलने को देखकर विभागीय अधिकारी भी बड़े खुश नज़र आ रहे हैं।
बाघिन दामिनी के कान का हुआ आपरेशन
शहर में सज्जनगढ़ पहाड़ी की तलहटी में स्थापित राजस्थान के पहले बायोलोजिक पार्क में बाघिन दामिनी के कान का रविवार को आपरेशन किया गया।
पार्क प्रभारी व उप वन संरक्षक टी. मोहनराज ने बताया कि पार्क में 6 माह पूर्व पूना चिडि़याघर से लायी गई 11 वर्षीय दामिनी बाघिन को छः दिन पूर्व कान से संबंधित अस्वस्थता महसूस हुई थी जिस पर वन्यजीव चिकित्सक डॉ. हिमांशु व्यास ने जांच की तो पाया कि इसे ईयर-हिमेटोमा हो गया है। चिकित्सकों द्वारा तुरन्त ही बाघिन के कान का उपचार प्रारम्भ किया गया लेकिन शीघ्र लाभ नहीं होने से ऑपरेशन का निर्णय लिया गया। इसके बाद रविवार सुबह जयपुर चिडि़याघर के वन्यजीव चिकित्सक डॉ. अरविन्द माथुर एवं जैविक उघान सज्जनगढ़ के वन्यजीव चिकित्सक डॉ. हिमांशु व्यास ने दामिनी के कान का ऑपरेशन कर उपचार किया। मोहनराज ने बताया कि आपरेशन के बाद अब बाघिन अधिक स्वस्थ एवं प्रसन्नचित है और अगले 3-4 दिन सघन चिकित्सकीय प्रेक्षण में रखने के कारण इसे दर्शकों हेतु डिसप्ले क्षेत्र में नहीं छोड़ा जायेगा।
शराब के नशे में करदिया राष्ट्रीय ध्वज का अपमान
उदयपुर । शराब के नशे में राष्ट्रीय ध्वज फाडने के मामले में दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। माण्डवा थानाधिकारी भगवतसिंह ने १५ अगस्त को पंचायत भवन माण्डवा पर चढ कर राष्ट्रीय ध्वज फाडने के मामले में टीलरवा निवासी नागजी पुत्र भोईला लहूर, साईबा पुत्र कालू लहूर को गिरफ्तार कर इनके कब्जे से राष्ट्रीय ध्वज व रस्सी बरामद की। प्रकरण के अनुसार शनिवार सवेरे स्वतंत्रता दिवस के अवसर मर माण्डव पंचायत भवन पर झंडारोहण किया गया था। आरोपी रिश्तेदारी में स्वरूप गंज गए थे दोपहर में वहां से वापस लौट रहे थे। बीच रास्ते शराब पीने के बाद पैदल गांव लोट रहे थे। इस दौरान आरोपियों ने रस्सी की आवश्यकता होने पर पॉल से रस्सी खिची । रस्सी नहीं मिलने पर एक आरोपी ने पॉल पर चढ कर रस्सी के लिए ध्वज को खिचने पर ध्वज फट गया तथा आरोपी रस्सी व ध्वज लेकर भाग गए। इसको देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना कर दी। इस पर थानाधिकारी ने आरोपियों को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया।
डूंगरपुर में कांग्रेस प्रत्याशी पर फायरिंग, मचा बवाल
डूंगरपुर. शहर में सनसनीखेज घटनाक्रम में बाइक सवार हमलावरों ने पार्षद का चुनाव लड़ रहे कांग्रेस के युवा नेता पर फायरिंग कर दी। शनिवार रात कलक्ट्रेट के सामने हुई वारदात में हालांकि युवा नेता बाल-बाल बच गया। प्रत्याशी को बदहवास और मामूली जख्मी देर रात अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया, लेकिन इसे लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और जैन समाज के लोगों में रोष फैल गया। लोग देर रात में ही कलक्टर और एसपी के निवास पर पहुंच गए और कार्रवाई के साथ सुरक्षा मुहैया करवाने की मांग की। वारदात को लेकर दूसरे दिन जैन समाज ने शहर में मौन जुलूस भी निकाला।
कार के गेट में सुराख, चटके शीशे
नगरपालिका चुनाव में वार्ड 23 से कांग्रेस के प्रत्याशी संजय मेहता जनसम्पर्क के बाद देर रात करीब 11.45 बजे कार से अकेले ही न्यू कॉलोनी अपने घर लौट रहे थे। पुलिस के अनुसार यहां कलक्ट्रेट के सामने गली में वे कुछ देर रुके, तभी हेलमेट लगाए दो युवा अचानक मोटरसाइकिल पर आए। इनमें से एक ने पिस्तौल निकालकर मेहता पर दो फायर किए और भाग छूटे। हमले पर कार में ही दुबकने आैर गोलियां गेट आैर शीशे भेदते हुए निकलने से मेहता बच गए। उन्हें चोटें आने आैर अचानक हमले से बदहवास होने पर अस्पताल ले जाया गया।
रात में ही जुटे पार्टी पदाधिकारी
घटना की सूचना आग की तरह शहर में फैली, तो रात में ही सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और जैन समाज के लोग जमा हो गए। सभी लोग कलक्टर एवं एसपी निवास पर गए और घटनाक्रम को लेकर रोष जताते हुए सुरक्षा की मांग की है। इस एसपी ने तत्काल जांच शुरू करवाते हुए मेहता को सुरक्षाकर्मी उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
मौके से कार्टिज बरामद, कातिलाना हमले का केस दर्ज
मामले पर रात में ही मौका मुआयने के दौरान पुलिस को दो खाली कार्टिज बरामद हुए। सीआई मनोज सामरिया ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ जानलेवा हमले के आरोप में केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
हरियाली के मेले में उमड़ा जन सैलाब
उदयपुर। श्रावण मास का सबसे बड़ा दो दिवसीय हरियाली अमावस के मेले में पहले दिन बारिश ने मेले की रोनक बढ़ा दी भीगते हुए मेलार्थियों में बारिश की फुहार से और जोश भर गया । अच्छी बारिश और फतहसागर के ओवरफ्लो गेट से गिरती चादर ने भी मेले में चार चांद लगा दिए हैं। फतहसागर की पाल से लेकर सहेलियों की बाड़ी तक और सुखाडिय़ा सर्किल, गुलाबबाग में ग्रामीणों की भीड़ जुट रही है। मेले का दूसरा दिन यानि शनिवार महिलाओं के नाम रहेगा, जहां सिर्फ महिलाएं ही प्रवेश ले सकेगी।
श्रावण मास में उदयपुर में होने वाला यह हरियाली अमावस्या का मेला संभागभर में सबसे बड़ा मेला होता है। मेले के पहले दिन यहां पर उदयपुर जिले के और आसपास के जिलों से आए ग्रामीण बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। इस बार सावन की मेहरबानी से झीलें लबालब है। फतहसागर पर गेट खोलने से मेले की रौनक और बढ़ गई है। सुबह आठ बजे से गांवों से मेलार्थियों ने झुंड के रूप में आना शुरू हो गए हैं। दिन को एक बजे तक तो खासी भीड़ हो गई जो देर शाम तक रही। रंगबिरंगे परिधानों में ग्रामीण मेलार्थी मेले का आनंद उठाते रहे | उम्मीद की जा रही थी कि बारिश अच्छी होने से इस बार मेले की रौनक ज्यादा रहेगी और भीड़ भी हमेशा से अधिक रहेगी और हुआ भी ऐसा ही। मेले में भीड़ को देखते हुए फतहसागर और सहेलियों की बाड़ी की तरफ जाने वाले रास्तों पर यातायात को अन्य रास्तों पर डायवर्ट किया गया।
बारिश ने बड़ाई रोनक : भीड़ सुबह से शुरू हो गयी थी दिन तक मेला अपने पूरी रोना पर था और करीब चार बजे तेज बारिश शुरू हो गयी मेलार्थियों में बारिश से और ज्यादा जोश भर गया यही नहीं कई ग्रामीण मेलार्थी फतेहसागर की पाल पर पारंपरिक नृत्य तक करने लग गए | एक घंटे तक चली बारिश ने मेलार्थियों को खूब भिगोया हालाँकि स्टाल लगाने वालों को जरूर परेशानी का सामना करना पढ़ा |
झरने पर भारी भीड़ : पिछले चार दिनों से जारी बारिश की वजह से कल फतहसागर ओवरफ्लो हो गया था और पानी की आवक को देखते हुए कल फतहसागर के गेट भी खोल दिए गए थे। आज मेले के दौरान फतहसागर के इस गिरते झरने को देखने के लिए पूरा दिन से जाम की स्थिति बनी हुई रही। वाहनों का प्रवेश निषेध था, फिर भी लोगों की इतनी भीड़ थी कि झरने वाली जगह जाम बना हुआ रहा । मेले में आए ग्रामीणों में झरने के साथ अपनी सेल्फी लेने की होड़ लगी हुई रही।
स्टॉलों पर भीड़ : फतहसागर पर खाने से लेकर शृंगार और खिलौनें की ढेरों स्टालें लगी हुई थी, जहां पर ग्रामीण की भीड़ सुबह से पड़ रही थी। चाट-पकौड़ी की स्टॉलों पर महिलाओं की भीड़ शृंगार और महिला सौंदर्य की दुकानों पर भी खासी भीड़ नजऱ आई । मेले के पहले दिन सहेलियों की बाड़ी की अपेक्षा फतहसागर पर लगी स्टॉलों में ज्यादा भीड़ जमा दिखी ।
मोतीमगरी-सहेलियों के बाड़ी में प्रवेश निशुल्क : मेलार्थियों के लिए आज मोतीमगरी और सहेलियों की बाड़ी में प्रवेश निशुल्क रखा गया । दोनों स्थलों पर मेलार्थी अपने परिवारों सहित पहुंचे और पिकनिक का आनंद भी उठाया। इधर, गांव से आने वाले की भीड़ गुलाबबाग़ में भी रही।
झील का पूजन : उदयपुर की फतहसागर झील के लबालब होने के साथ ही प्रदेश के गृह सेवक गुलाबचंद कटारिया ने फतहसागर में नये आए जल का पूजन किया। जल पूजन के इस कार्यक्रम में श्री कटारिया, मेयर चंद्रसिंह कोठारी सहित बीजेपी के कई पार्षद और शहर के गणमान्य नागरिक मौजुद थे। फतहसागर झील के लबालब होने से पूरे शहर में खुशी की लहर दौड़ पड़ी हैं, वहीं आज कटारिया ने विधिवत रूप से गंगा आरती की और झील के जल का पूजन किया। इस मौके पर कटारिया ने भी फतहसागर के लबालब होने पर खुशी जाहिर की और देवास परियोजना के मार्फत इन झीलों को पूरे साल लबालब रखने का विश्वास जताया।
फतह हुआ आब और छलक पड़ा फतहसागर
रात १० बजे छलका फतहसागर, शहर के गर बाशिंदे के चहरे से छलकी फतहसागर छलकने की ख़ुशी ।
उदयपुर। शहर के हर बाशिंदे के दिल के करीब ऐतिहासिक खूबसूरत झील फतहसागर आज लबालब हो कर छलक पड़ी। जैसे ही रात १० बजे फतह सागर के पानी ने झील की हदें पार कर चादर के रूप में गिरना शुरू किया, लोगों के चेहरों पे एक अलग तरह की ख़ुशी झलक गयी जो सिर्फ छलकते फतहसागर को देख कर ही झलकती है । वहां खड़े लोगों के मोबाइल के कैमरे खुल गए और पल भर में फतह सागर के छलकने की खबर पुरे शहर में आग की तरह फेल फ़ैल गयी व्हाट्सप्प और फेसबुक पर पल भर में ढेरों फोटो शेयर हो गए । कई जोशीले शहर वासी अपने प्यारे फतहसागर को छलकते देखने के लिए रात में ही पहुचने लग गए ।
लेकसिटी में आज दिनभर बिजली की कडकडाहट के साथ मूसलाधार बारिश का दौर चलता रहा। शहर की कई सडकें जलमग्न हो गई।
लेकसिटी में लगी बारिश का झडी का दौर चौथे दिन भी जारी रहा। शहर के सौन्दर्य को चार चांद लगाने वाली ऐतिहासिक पीछोला झील व फतहसागर झीलें लबालब हो गई है। सीसारमा नदी से हो रही लगातार आवक के चलते स्वरूपसागर के तीन गेट सवा-सवा फिट खोले गए है, जिससे पानी यूआईटी पुलिया होता हुआ आयड नदी में समां रहा है। आज भी उदयसागर के दोनों गेट एक-एक फिट खुले रहे वहीं जलस्तर में भी लगातार बढोतरी हो रही है।
मौसम विभाग द्वारा जिले में भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। जिला कलक्टर (आपदा प्रबंधन एवं सहायता) रोहित गुप्ता ने समस्त उपखण्ड अधिकारियों, पुलिस उप अधीक्षकों व तहसीलदारों को निर्देश दिए गए हैं कि अपने-अपने क्षेत्र में सभी नदी-नालों, बांध, तालाबों एवं बहाव वाले क्षेत्रों पर पूर्ण निगरानी रखें तथा संभावित आपात स्थिति से बचाव के लिए आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करें।
हिन्दुस्तान जिंक सीरेवेज ट्रीटमेंट प्लांट द्वारा उदयपुर के 100% घरेलू मल का उपचार करेगा
उदयपुर । सीवेरेज ट्रीटमेंट प्लांट परियोजना द्वारा उदयपुर को ‘‘स्मार्ट सिटी’’ बनाने के लिए हिन्दुस्तान जिंक का एक सराहनीय कदम। राजस्थान सरकार के साथ बातचीत कर उदयपुर के 100 प्रतिषत घरेलू मल के उपचार पर किया जा रहा है विचार।
हिन्दुस्तान जिंक के हेड-कार्पोरेट कम्यूयनिकेषन पवन कौषिक ने बताया कि ‘‘भारत में ‘‘स्वच्छ भारत’’ अभियान के माध्यम से ही ‘‘स्मार्ट सिटी’’ बनाये जा सकते है।’’ उन्होंने आव्हान किया कि जहां देष में 50 प्रतिषत जनसंख्या खुले में शौच के लिए जाते हो, तो देष में कैसे ‘‘स्मार्ट सिटी’’ बनाया जा सकता हैं जब तक सम्पूर्ण ‘‘स्वच्छ भारत’’ अभियान नहीं अपनाएंगे तब तक ‘‘स्मार्ट सिटी’’ बनना असंभव है। खुले में शौच की समस्या शहरों की तुलना में गांवों में ज्यादा चिंताजनक है।
राष्ट्रीय आंकड़ों के अनुसार कुल स्वच्छता सुविधाओं का 31 प्रतिषत में से भारत की ग्रामीण जनसंख्या केवल 21 प्रतिषत स्वच्छता सुविधाओं का उपयोग कर रही हैं। बांग्लादेश और ब्राजील जैसे देशों में उनकी जनसंख्या का केवल 7 प्रतिशत खुले में शौच करता है। चीन में जनसंख्या का केवल 4 प्रतिशत हिस्सा खुले में शौच करता है।
हिन्दुस्तान जिंक ने राजस्थान सरकार के साथ 20 मिलियन टन प्रतिदिन क्षमता वाले पहला प्राईवेट-पब्लिक पार्टनरषीप सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया है, जो उदयपुर के 30 प्रतिषत मल का उपचार कर रहा है। इस परियोजना पर 170 करोड़ रुपये खर्च किये है। अब यह प्लांट पूरी तरह कार्यरत है जिससे झीलों की साफ-सफाई एवं स्वच्छता में महत्वपूर्ण बदलाव आया हैं। हिन्दुस्तान जिं़क का प्रयास है कि सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के विस्तार से उदयपुर में 100 प्रतिषत घरेलू मल का उपचार किया जाये।
उदयपुर में प्रतिदिन 70 मिलियन टन मल उत्पन्न होता है तथा वर्तमान में हिन्दुस्तान जिंक का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट प्रतिदिन 20 मिलियन लीटर मल के उपचार की क्षमता रखता है।
हिन्दुस्तान जिंक के हेड-कार्पोरेट कम्यूनिकेषन पवन कौषिक ने यह भी बताया कि कंपनी राजस्थान सरकार के साथ मिलकर स्वच्छ भारत अभियान के माध्यम से सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से उदयपुर में 100 प्रतिषत घरेलू मल का उपचार करने पर चर्चा चल रही है।
हिन्दुस्तान जिंक ने राजस्थान के ग्रामीण क्षेत्रों में 40,000 घरों में शौचालय तथा 623 सरकारी स्कूलों में शौचालय बनाने की जिम्मेदारी उठायी है। हाल ही में, हिन्दुस्तान जिं़क ने 3055 आंगनवाड़ी केन्द्रों को बाल केन्द्र ‘‘खुशी’’ अभियान के तहत गोद केेेे लिए राजस्थान सरकार के साथ एक समझौते के ज्ञापन पर हस्ताक्षर किये हैं। पौष्टिक एवं आधारभूत सुविधाओं में सुधार के साथ-साथ 1000 आंगनवाडी केन्द्रों में भी बच्चों के लिए शौचालय बनाएं जाएंगें।
राजस्थान के चार जिलों में अब तक 11,425 घरेलू शौचालयों का निर्माण हो जा चुका है जिसमें से 2700 उदयपुर में, 6870 भीलवाड़ा में, 1570 चित्तौडगढ़ में तथा 285 राजसमंद में है। हेड-कार्पोरेट कम्यूनिकेषन पवन कौषिक ने बताया कि 170 ग्रामीण सरकारी स्कूलों में भी शौचालय बनाये जा चुके हैं।
गतवर्ष प्रधानमंत्री के ‘‘स्वच्छ भारत’’ अभियान के तहत हिन्दुस्तान जिंक ने ‘‘मर्यादा’’ अभियान की षुरूआत की थी जिसके माध्यम से राजस्थान के ग्रामीण क्षे़त्रों में आधारभूत विकास, व्यक्तिगत एवं संस्थाओं में स्वच्छता के लिए जागरूकता पर जोर दिया जा रहा है। ‘‘मर्यादा’’ अभियान का प्रमुख उददेष्य स्कूलों, पंचायतों, ग्रामीण विचारकों, ग्रामीण महिलाओं तथा विषेषतौर पर युवतियों के खुले में शौच से मुक्ति तथा साफ एवं स्वच्छता की और ध्यान देना है।
स्मार्ट शहर परियोजना में उदयपुर का भी चयन किया गया है जहां हिन्दुस्तान जिंक का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट महत्वपूर्ण साबित होगा।
मृत प्रेमी के घर में विधवा बनकर रह रही पूनम की ससुराल वालों ने की हत्या

उदयपुर। बीती रात जालोर के बागोड़ा थाना क्षेत्र में पूनम विश्नोई की उसके ससुराल वालों ने हत्या कर दी। पूनम विश्नोई के प्रेमी देवेंद्र की तीन माह पूर्व उदयपुर में उसके पति और ससुराल वालों ने हत्या कर दी थी। उसके बाद से पूनम देवेंद्र की विधवा बनकर उसके घर में ही रह रही थी। पूनम ने यहां पुलिस हिरासत में देवेंद्र की हत्या का बदला लेने की भी बात कहीं थी, लेकिन इससे पूर्व ही उसके ससुराल वालों ने धारदार हथियारों से हमला कर उसकी हत्या कर दी। देवेंद्र की हत्या के आरोप में उदयपुर पुलिस ने पूनम के पति प्रकाश को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन बाकी आरोपी फरार थे, जिनकी गिरफ्तारी आज तक नहीं हुई।
पूनम विश्नोई जालोर के बागोड़ा थाना क्षेत्र में मृत प्रेमी देवेंद्र की विधवा बनकर उसके घर में रह रही थी। बीती रात तीन से चार बजे के बीच हथियारबंद चार- पांच लोग घर में घुसे और देवेंद्र के परिजनों को बंधक बना लिया। बाद में देवेंद्र के परिजनों के सामने ही पूनम की धारदार हथियारों से हमलाकर बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार हत्या में पूनम के पति प्रकाश का रिश्तेदार मनोहर व अन्य परिजन शामिल है। हत्या के बाद आरोपी फरार हो गए हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
क्या था मामला : जालोर निवासी पूनम विश्नोई की दो साल पहले भीनमाल निवासी प्रकाश विश्नोई से शादी हुई थी। देवेंद्र की पत्नी और पूनम उदयपुर में साथ में पढ़ाई कर रहे थे। पूनम हॉस्टल में रहती थी। दोस्ती के कारण देवेंद्र की पत्नी ने पूनम को अपने साथ रहने के लिए बुला लिया। इसी बीच देवेंद्र और पूनम के बीच प्रेम संबंध हो गए। बाद मेें देवेंद्र और पूनम यहां सूखेर में सिद्धार्थ नगर में मकान किराये लेकर रहने लगे। इसकी जानकारी पूनम के पति प्रकाश को लगी, तो वह आग-बबूला हो गया। 20 मई को पूनम का पति प्रकाश विश्नोई उसके भाई गणपत, गोविंद, अंकल कालूलाल और मनोहर विश्नोई सहित आठ जनों को लेकर सुखेर स्थित सिद्धार्थनगर में आया, जहां देवेंद्र के किराये के मकान से उसे और पूनम को उठा लिया। मारपीट करते हुए दोनों को अगल-अलग स्कार्पियो में डालकर अपहरण कर ले गए। गोगुंदा के पास एक स्कार्पियो पलट गई, जिसमें पूनम थी। इसलिए उसकी जान बच गई। दूसरी स्कार्पियों में प्रेमी देवेंद्र की हत्याकर उसका शव उदयपुर के केशवनगर में फेंक दिया। बाद में पूनम का पति प्रकाश गिरफ्तार कर लिया गया, बाकि आरोपी फरार चल रहे थे। इस घटना के बाद से पूनम जालोर में देवेंद्र के घर उसकी विधवा बनकर रह रही थी।
खाप पंचायत जैसी कार्रवाई : तीन माह पहले देवेंद्र की हत्या के आरोप में पूनम का पति प्रकाश तो गिरफ्तार हो गया, लेकिन बाकि आरोपी पुलिस की पकड़ में नहीं आए। पुलिस की इसी लापरवाही ने पूनम की जान ले ली। जबकि देवेंद्र की हत्या के बाद परिजन व विश्नोई समाज के कई लोग यह कहते फिर रहे थे कि समाज में इस तरह प्रेम करने वालों या इस तरह भागने वालों का यही अंजाम होगा। समाज के कई लोगों ने इस घटना में प्रकाश को महिमामंडित कर शाबाशी भी दी थी और समाज के लिए यह अच्छा काम बताया था। जानकारी के अनुसार आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर थे, लेकिन पूनम और देवेंद्र के परिजनों को बराबर धमकियां दी जा रही थी और धमकियों को बीती रात आरोपियों ने अंजाम तक पहुंचा दिया।




















