नौ लाख में निपटा मौताणा

उदयपुर। कोटड़ा थाना क्षेत्र के धधमता ग्राम पंचायत के सरपंच की पत्नी द्वारा जहर खाकर आत्महत्या करने के मामले में मृतका के पीहर पक्ष ने मौताण की मांग कर दी। दोनों पक्षों के बीच हुई वार्ता में नौ लाख रुपए का मौताण तय हुआ। गौरतलब हैं कि धधमता ग्राम पंचायत के सरपंच सज्जनसिंह पुत्र मोहन खैर ने तीन वर्ष पूर्व ही गांधीसरणा गुजरात निवासी भूखरिया गमेती की पुत्री पारसी (30) से दूसरी शादी की थी। दोनों के बीच गत दिनों झगड़ा होने पर विवाहिता ने विषाक्त वस्तु का सेवन कर लिया। तबीयत खराब होने पर पति उसे ईडर में उपचार के लिए लेकर चला गया। जहां पर उपचार के दौरान पारसी की मौत हो गई। सज्जनसिंह मृतका का वहीं पर पोस्टमार्टम करवा शव बुधवार को लेकर गांव पहुंचा, जहां मृतका के पिता ने गांव वालों के साथ मिलकर चढ़ोतरा कर दिया। दोनों पक्षों के बीच वार्ता में 9 लाख रुपए में मौताणा तय होने पर पीहर पक्ष माना और इसके बाद मृतका का अंतिम संस्कार किया गया।

Previous articleहाईकोर्ट बैंच की स्थापना के लिए सभी पार्टियां हुईं एक
Next articleरमजान के तीसरे जुम्मे में मस्जिदों में नमाजियों की रौनक